भिवंडी में जर्जर 4 मंजिला इमारत ढही, 3 की मौत, मलबे में कई फंसे, NDRF का रेस्क्यू जारी

Bhiwandi Building Collapse: मुंबई से सटे महाराष्ट्र के भिवंडी में शुक्रवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। नारपोली स्थित भंडारी कंपाउंड के गंगाराम वाड़ी इलाके में कोहिनूर अपार्टमेंट (बी-विंग) की चार मंजिला इमारत का एक हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया।

हादसे में अब तक 3 शव बरामद किया गया है, जबकि कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है। राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है।

सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग, भिवंडी-निजामपुर नगर निगम (BNCMC) और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की टीमें मौके पर पहुंच गईं। मलबा हटाने के लिए भारी मशीनों की मदद ली जा रही है और पूरे इलाके को सुरक्षा घेराबंदी में ले लिया गया है।

पहले ही खतरनाक घोषित हो चुकी थी इमारत

स्थानीय बीजेपी विधायक महेश चौघुले के मुताबिक, यह इमारत काफी पुरानी और जर्जर थी। Bhiwandi Nagar Nigam ने इसे पहले ही ‘सी-कैटेगरी’ यानी अत्यंत खतरनाक भवन घोषित कर दिया था और अधिकांश फ्लैट खाली भी करा दिए गए थे।

हालांकि, ग्राउंड फ्लोर पर मरम्मत का काम चल रहा था। शुरुआती जानकारी के अनुसार, मरम्मत के दौरान कुछ पिलरों को हटाया गया, जिससे इमारत की संरचना कमजोर हो गई और उसका एक बड़ा हिस्सा ढह गया।

मलबे में कई लोगों के फंसे होने की आशंका

हादसे (Bhiwandi Building Collapse) के समय इमारत में मरम्मत का काम चल रहा था। आशंका है कि 5 से 9 मजदूर अंदर मौजूद थे। कुछ लोग सामान निकालने भी पहुंचे थे। फिलहाल प्रशासन ने मलबे में 4 से 5 लोगों के फंसे होने की आशंका जताई है, हालांकि सटीक संख्या की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

रेस्क्यू अभियान के दौरान NDRF की टीम ने एक महिला को मलबे से जिंदा बाहर निकाला, जिसे तुरंत अस्पताल भेजा गया। कुछ स्थानीय रिपोर्टों में दो लोगों के सुरक्षित निकाले जाने की भी जानकारी सामने आई है।

प्रशासन का कहना है कि जब तक पूरा मलबा नहीं हट जाता, तब तक राहत और बचाव अभियान जारी रहेगा। अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की अपील की है।

Also Read: धार भोजशाला विवाद में सुप्रीम कोर्ट का आदेश, नमाज़ के लिए दरगाह परिसर से सटी ज़मीन मुहैया कराए प्रशासन

Get real time updates directly on you device, subscribe now.