लखनऊ में अपार्टमेंट में हवाई फायरिंग करने वाला युवक गिरफ्तार, अवैध पिस्टल बरामद

Lucknow News: लखनऊ के सुशान्त गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में हवाई फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, कृतिका अपार्टमेंट में हुई फायरिंग के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे, जिसके बाद कार्रवाई की गई। आरोपी के पास से अवैध पिस्टल और दो खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, 29 जुलाई 2026 को उपनिरीक्षक हिमांचल सिंह को सूचना मिली थी कि कृतिका अपार्टमेंट में हवाई फायरिंग हुई है। इस घटना से जुड़े दो वीडियो व्हाट्सऐप पर भी वायरल हो रहे थे। वीडियो देखने पर फायरिंग की आवाज साफ सुनाई दे रही थी।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, आरोपी ने कबूला अपराध

थाना सुशान्त गोल्फ सिटी पुलिस ने उपनिरीक्षक हिमांचल सिंह की तहरीर पर मुकदमा संख्या 490/2026 दर्ज किया। आरोपी के खिलाफ धारा 125 बीएनएस और धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।

पुलिस उपायुक्त (दक्षिणी) मोहम्मद मुस्ताक के निर्देशन में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए 29 जुलाई को कृतिका अपार्टमेंट से आरोपी रितिक श्रीवास्तव उर्फ ऋषभ को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी कुशीनगर जिले के तरयां सुजान थाना क्षेत्र के ग्राम मठिया श्रीराम का रहने वाला है और उसकी उम्र 26 वर्ष है।

पूछताछ में शराब के नशे में फायरिंग की बात कही

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने रात में क्लब में पार्टी के दौरान ज्यादा शराब पी ली थी और नशे की हालत में फायरिंग कर दी। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी मॉडलर इंटीरियर की ठेकेदारी का काम करता है। इस कार्रवाई में सुशान्त गोल्फ सिटी थाना पुलिस की टीम शामिल रही।

Also read: CJP प्रदर्शन में शामिल छात्रों को राहत, शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों पर नहीं होगी सख्त कार्रवाई 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.