Petrol-Diesel Price: ट्रंप के एक फैसले से वैश्विक तेल बाजार में आया भारी उछाल, क्या भारत में भी बढ़ेंगे दाम?
Sandesh Wahak Digital Desk: दुनिया भर में पेट्रोल और डीजल की कीमतें एक बार फिर आसमान छू सकती हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ‘होर्मुज जलडमरूमध्य’ (Strait of Hormuz) की नाकेबंदी की घोषणा के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में 8 प्रतिशत का जबरदस्त उछाल आया है। इस फैसले के बाद ब्रेंट क्रूड 102 डॉलर प्रति बैरल के मनोवैज्ञानिक स्तर को पार कर गया है।
ट्रंप का ‘होर्मुज’ पर कड़ा फैसला
अमेरिकी केंद्रीय कमान ने सोमवार को संकल्प लिया कि वह ईरानी बंदरगाहों से आने-जाने वाले सभी समुद्री यातायात की पूर्ण नाकेबंदी शुरू करेगा। ट्रंप ने अमेरिकी नौसेना को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे उन सभी जहाजों को रोकें जिन्होंने जलडमरूमध्य से गुजरने के लिए ईरान को भुगतान किया है। इस कदम का उद्देश्य ईरान के तेल निर्यात और समुद्री व्यापार पर पूरी तरह लगाम कसना है।
बाजार की ताजा स्थिति
ब्रेंट क्रूड (जून वायदा): 7.76% की बढ़त के साथ 102.59 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
WTI क्रूड (मई वायदा): 8.2% की भारी छलांग लगाकर 104.51 डॉलर पर कारोबार कर रहा है।
वार्ता विफल होते ही बिगड़े हालात
इस तनाव की शुरुआत तब हुई जब ईरान और अमेरिका के बीच शनिवार को इस्लामाबाद में हुई शांति वार्ता विफल हो गई। अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल के प्रमुख और उपराष्ट्रपति जे.डी. वेंस ने रविवार को घोषणा की कि लंबी बातचीत के बावजूद दोनों देश किसी समझौते पर नहीं पहुँच सके। वार्ता टूटने के तुरंत बाद ट्रंप ने नाकेबंदी का आदेश जारी कर दिया।
भारत पर क्या होगा असर?
भारत अपनी जरूरत का करीब 80% कच्चा तेल आयात करता है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में 8% की बढ़ोतरी भारतीय तेल कंपनियों पर भारी दबाव डालेगी। यदि कीमतें 100 डॉलर के ऊपर टिकी रहती हैं, तो आने वाले दिनों में देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में इजाफा होना लगभग तय माना जा रहा है, जिससे महंगाई भी बढ़ सकती है।
Also Read: Noida Protest: लखनऊ में हाईलेवल मीटिंग, CM योगी सख्त, DGP और ADG रख रहे पल-पल की नजर

