भमोरा बाईपास पर विशाल कांवड़ शिविर और भंडारे का शुभारंभ, विश्राम और सुरक्षा पर प्रशासन का विशेष जोर

Bareilly News: पवित्र कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों को सुलभ और बेहतर सुविधाएं देने के उद्देश्य से बरेली प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने एक बड़ी पहल की है। बदायूं-बरेली मार्ग पर स्थित भमोरा बाईपास (आंवला) में एक विशाल कांवड़ सेवा शिविर और भंडारे का भव्य शुभारंभ किया गया। इस कार्यक्रम का उद्घाटन क्षेत्र के प्रमुख जनप्रतिनिधियों और जिलाधिकारी अविनाश सिंह द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।

जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी रहे मौजूद

शिविर के उद्घाटन अवसर पर बरेली के महापौर डॉ. उमेश गौतम, विधान परिषद सदस्य (MLC) कुंवर महाराज सिंह, नवाबगंज विधायक डॉ. एमपी आर्य, बिथरी चैनपुर विधायक डॉ. राघवेंद्र शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष (आंवला) आदेश प्रताप सिंह तथा मंदिर के पुजारीगण और प्रशासनिक अधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

भमोरा बाईपास पर विशाल कांवड़ शिविर और भंडारे का शुभारंभ

कांवड़ शिविर में की गई हैं विश्वस्तरीय व्यवस्थाएं

उद्घाटन के पश्चात जिलाधिकारी और जनप्रतिनिधियों ने पूरे परिसर का गहन निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का मुआयना किया। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने बताया कि कांवड़ियों की सहूलियत को सर्वोपरि रखते हुए शिविर में विश्राम गृह, पूजन स्थल, सुव्यवस्थित कांवड़ स्टैंड, स्वच्छ पेयजल और विशाल भंडारे का इंतजाम किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा में किसी तरह की चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

भमोरा बाईपास पर विशाल कांवड़ शिविर और भंडारे का शुभारंभ

अधिकारियों को निरंतर मॉनिटरिंग के निर्देश

जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे समय-समय पर शिविर का निरीक्षण करते रहें और पूरी यात्रा के दौरान मुस्तैद रहें। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रियों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े, इसके लिए पुलिस और प्रशासन लगातार निगरानी बनाए रखेगा। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों और जिलाधिकारी ने स्वयं अपने हाथों से कांवड़ियों को भोजन कराया और उनका आशीर्वाद लिया। इस दौरान श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिला।

रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया

Also Read: IND vs SL: श्रीलंका टेस्ट सीरीज में 261 विकेट लेने वाला यह तेज गेंदबाज कर सकता है डेब्यू

Get real time updates directly on you device, subscribe now.