भारतीय सेना में 75 दिन की पेड इंटर्नशिप, ₹75 हजार तक स्टाइपेंड पाने का मौका

Indian Army Internship 2026: भारतीय सेना ने इंडियन आर्मी इंटर्नशिप प्रोग्राम (IAIP) 2026-27 के दूसरे संस्करण के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इस कार्यक्रम के तहत छात्रों को उभरती तकनीकों और प्रबंधन से जुड़े क्षेत्रों में पेड इंटर्नशिप करने का अवसर मिलेगा। इच्छुक और पात्र उम्मीदवार नेशनल इंटर्नशिप पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। चयनित छात्रों को नई दिल्ली और एनसीआर में रक्षा क्षेत्र की परियोजनाओं पर काम करने का मौका मिलेगा।

75 दिन की इंटर्नशिप, 75 हजार तक स्टाइपेंड

इंटर्नशिप की कुल अवधि 75 दिन होगी। इसमें 60 दिन ऑफिस में प्रोजेक्ट और प्रैक्टिकल ट्रेनिंग दी जाएगी, जबकि अंतिम 15 दिन वर्क फ्रॉम होम के रूप में पूरे किए जाएंगे। सफलतापूर्वक इंटर्नशिप पूरी करने वाले प्रतिभागियों को अधिकतम 75 हजार रुपये तक का स्टाइपेंड मिलेगा। स्टाइपेंड का भुगतान उपस्थिति और सभी निर्धारित शर्तें पूरी करने के बाद किया जाएगा। हालांकि, रहने की व्यवस्था उम्मीदवारों को स्वयं करनी होगी।

AI, ड्रोन और साइबर सिक्योरिटी समेत कई क्षेत्रों में अवसर

इस कार्यक्रम के तहत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), मशीन लर्निंग, साइबर सिक्योरिटी, एथिकल हैकिंग, क्वांटम कंप्यूटिंग, ड्रोन और UAV, रोबोटिक्स, स्पेस टेक्नोलॉजी, 5G/6G, फिनटेक, स्ट्रैटेजिक कम्युनिकेशन, ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट और ऑपरेशनल लॉजिस्टिक्स जैसे क्षेत्रों में इंटर्नशिप उपलब्ध है।

इसके अलावा AI आधारित ऑटोमेशन, लार्ज लैंग्वेज मॉडल (LLM), डेटा एनालिसिस, सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट, मोबाइल ऐप, एंटी-ड्रोन सिस्टम, SAP ERP, Zoho Analytics और लीगल ऑटोमेशन जैसे प्रोजेक्ट्स पर भी काम करने का अवसर मिलेगा।

अधिकांश इंटर्नशिप के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 1 से 15 अगस्त 2026 के बीच है, जबकि कुछ पदों की आवेदन अवधि समाप्त हो चुकी है। उम्मीदवार एक से अधिक इंटर्नशिप के लिए आवेदन कर सकते हैं, लेकिन चयन होने पर केवल एक ऑफर स्वीकार कर सकेंगे। भारतीय सेना ने स्पष्ट किया है कि यह कार्यक्रम केवल सीखने और व्यावहारिक अनुभव के लिए है। इसमें नौकरी की कोई गारंटी नहीं होगी। इंटर्नशिप पूरी करने वाले सभी प्रतिभागियों को सर्टिफिकेट ऑफ कंप्लीशन भी दिया जाएगा।

Also Read: E20 से सस्ता रहा पेट्रोल, वरना ₹125 लीटर तक पहुंच जाती कीमत, मोदी सरकार का दावा 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.