गाजा में ऐतिहासिक शांति समझौता, हमास के हथियार डालने के फैसले का UAE ने किया स्वागत

Sandesh Wahak Digital Desk: गाजा पट्टी में लंबे समय से जारी भीषण संघर्ष को समाप्त करने की दिशा में एक बड़ी सफलता मिली है। गाजा में हमास और अन्य सशस्त्र समूहों द्वारा हथियार छोड़ने (निरस्त्रीकरण) पर बनी सहमति का संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने दिल खोलकर स्वागत किया है। यूएई ने इस विकास को क्षेत्र में स्थायी शांति, सुरक्षा और स्थिरता स्थापित करने की दिशा में एक ऐतिहासिक और निर्णायक कदम करार दिया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प द्वारा बोर्ड ऑफ पीस की बैठक के बाद इस समझौते का औपचारिक ऐलान किया गया।

यूएई की सरकारी समाचार एजेंसी डब्ल्यूएएम (WAM) द्वारा जारी विदेश मंत्रालय के आधिकारिक बयान के अनुसार, यह समझौता हिंसा और संघर्ष को समाप्त करने, क्षेत्रीय सुरक्षा को मजबूत करने तथा एक स्थायी राजनीतिक प्रक्रिया शुरू करने के लिए बेहद जरूरी माहौल तैयार करेगा। विदेश मंत्रालय ने उम्मीद जताई कि गाजा में अंतरराष्ट्रीय स्थिरीकरण बल की तैनाती और नए फिलिस्तीनी पुलिस बल के गठन से आम नागरिकों की परेशानियां दूर होंगी और गाजा के पुनर्निर्माण का रास्ता साफ होगा।

14 दिनों के भीतर लागू होगा चरणबद्ध प्लान

बोर्ड ऑफ पीस की बैठक के समापन पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने बताया कि हमास के पूर्ण निरस्त्रीकरण और इजरायली सेना की चरणबद्ध वापसी को लेकर एक ऐतिहासिक सहमति बन गई है। ट्रम्प के अनुसार, सभी संबंधित पक्षों की औपचारिक स्वीकृति मिलने के 14 दिनों के भीतर इस समझौते को चरणबद्ध तरीके से लागू करना शुरू कर दिया जाएगा। हालांकि, हमास ने भी इस समझौते पर अपनी सहमति जताते हुए इजरायल के समक्ष कुछ पूर्व शर्तें रखी हैं।

5,000 सदस्यीय अंतरराष्ट्रीय बल को सौंपे जाएंगे हथियार

शांति योजना के मसौदे के तहत हमास एक समयबद्ध और चरणबद्ध प्रक्रिया के माध्यम से अपने सभी हथियार अंतरराष्ट्रीय स्टेबिलाइजेशन (स्थिरीकरण) बल को सौंप देगा। लगभग 5,000 सैनिकों वाले इस विशेष अंतरराष्ट्रीय बल की कमान और निगरानी एक अमेरिकी जनरल के हाथों में होगी। राष्ट्रपति ट्रम्प के मुताबिक, फिलिस्तीनी क्षेत्र में स्थायी शांति और नागरिकों की सुरक्षा बहाल करने के लिए यह कदम अनिवार्य था।

Also Read: E20 से सस्ता रहा पेट्रोल, वरना ₹125 लीटर तक पहुंच जाती कीमत, मोदी सरकार का दावा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.