‘तुरंत छोड़ दें ईरान…’ सीजफायर के बीच भारतीयों के लिए दूतावास की ‘इमरजेंसी’ एडवाइजरी

Sandesh Wahak Digital Desk: ईरान में गहराते सुरक्षा संकट और हालिया सैन्य हलचलों के बीच तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने बुधवार को एक नई और अत्यंत सख्त सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है। इस एडवाइजरी में ईरान में रह रहे सभी भारतीय नागरिकों को बिना देरी किए देश छोड़ने की सलाह दी गई है। यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है जब क्षेत्र में तनाव चरम पर है और अमेरिका-ईरान के बीच अस्थायी युद्धविराम (सीजफायर) पर सहमति बनी है।

दूतावास का सख्त निर्देश

भारतीय दूतावास ने अपनी नई गाइडलाइन में स्पष्ट रूप से कहा है कि ईरान में मौजूद भारतीय नागरिक दूतावास द्वारा सुझाए गए सुरक्षित मार्गों और मार्गदर्शन का पालन करते हुए जल्द से जल्द देश छोड़ दें। नागरिक किसी भी अंतरराष्ट्रीय सीमा (International Border) को पार करने का प्रयास बिना दूतावास के परामर्श के न करें। आपातकालीन स्थिति और समन्वय के लिए विशेष हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं।

पिछले 48 घंटों का घटनाक्रम

बता दें कि इससे एक दिन पहले (07 अप्रैल को) दूतावास ने भारतीयों को 48 घंटे तक घरों के अंदर रहने की सलाह दी थी। उस दौरान सैन्य प्रतिष्ठानों, बहुमंजिला इमारतों की ऊपरी मंजिलों और राजमार्गों से दूर रहने को कहा गया था। अब स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नागरिकों को सुरक्षित निकासी की सलाह दी गई है।

ट्रंप का ऐलान: 2 हफ्ते का सीजफायर

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ‘ट्रुथ सोशल’ पर एक बड़ी घोषणा की है। पाकिस्तान के पीएम शहबाज शरीफ और फील्ड मार्शल आसिम मुनीर के अनुरोध पर अमेरिका ने ईरान के खिलाफ होने वाली बड़ी सैन्य कार्रवाई को रोक दिया है। यह सीजफायर इस शर्त पर हुआ है कि ईरान होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) को तुरंत और सुरक्षित तरीके से व्यापार के लिए खोल देगा। ट्रंप ने यह घोषणा अपनी ही निर्धारित की हुई समय-सीमा खत्म होने से महज 90 मिनट पहले की।

हालांकि, अमेरिका में विपक्षी डेमोक्रेटिक पार्टी ट्रंप की ‘ईरानी सभ्यता को खत्म करने’ वाली धमकी को लेकर उनके इस्तीफे की मांग कर रही है।

Also Read: मणिपुर में फिर पसरा सन्नाटा, हिंसा के बाद 5 जिलों में कर्फ्यू और इंटरनेट बंद

Get real time updates directly on you device, subscribe now.