ट्रंप के सीजफायर से गिरा कच्चे तेल का दाम, जानें कितना सस्ता होगा पेट्रोल-डीजल!

Sandesh Wahak Digital Desk: लंबे समय से युद्ध की आग में झुलस रहे मिडिल ईस्ट से आखिरकार एक सुकून भरी खबर आई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ दो हफ्ते के युद्धविराम (Ceasefire) का ऐलान कर दिया है। इस समझौते के बाद न केवल होर्मुज स्ट्रेट का अहम समुद्री रास्ता खुल गया है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में ऐतिहासिक गिरावट दर्ज की गई है। देखते ही देखते कच्चे तेल के दाम 14% से 20% तक नीचे गिर गए हैं। कच्चे तेल (Crude Oil) के सस्ता होने के बाद अब हर किसी के मन में एक ही सवाल है कि क्या पेट्रोल और डीजल की कीमतें कम होंगी?

जानकारों की मानें तो अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड ऑयल के सस्ता होने का असर तुरंत आपके शहर के पेट्रोल पंप पर नहीं दिखता। तेल की खरीदारी ‘फ्यूचर्स’ में होती है, यानी आज खरीदा गया सस्ता तेल हफ्तों बाद सिस्टम में आता है। हालांकि, राहत की शुरुआत हो चुकी है। आज बुधवार, 8 अप्रैल 2026 को देश के कई शहरों में तेल की कीमतों में 11 पैसे से लेकर 35 पैसे तक की मामूली कटौती देखी गई है।

आपके शहर में आज का भाव

सरकारी तेल कंपनियों (IOC, HPCL, BPCL) के ताजा आंकड़ों के अनुसार गाजियाबाद (यूपी) में पेट्रोल 29 पैसे सस्ता होकर 94.41 रुपये और डीजल 34 पैसे गिरकर 87.47 रुपये प्रति लीटर। गुरुग्राम (हरियाणा) में पेट्रोल 34 पैसे की गिरावट के साथ 95.51 रुपये और डीजल 87.97 रुपये प्रति लीटर। पटना (बिहार) में पेट्रोल 11 पैसे गिरकर 105.48 रुपये और डीजल 91.72 रुपये प्रति लीटर पर आ गया है।

बाजार में क्यों आया तेल का तूफान

पिछले 40 दिनों से जारी तनाव की वजह से कच्चे तेल की कीमतें आसमान छू रही थीं, लेकिन युद्धविराम के ऐलान ने सप्लाई की चिंता खत्म कर दी है।

ब्रेंट क्रूड (Brent Crude): इसमें करीब $17 की भारी गिरावट आई और यह $91.88 प्रति बैरल पर आ गया।

WTI क्रूड: अमेरिकी क्रूड में $21 की कमी देखी गई और यह $91.05 प्रति बैरल पर ट्रेड कर रहा है।

Also Read: ‘तुरंत छोड़ दें ईरान…’ सीजफायर के बीच भारतीयों के लिए दूतावास की ‘इमरजेंसी’ एडवाइजरी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.