IPL 2026: ‘मेरी सफलता से जलते हैं…’, KKR की हार के बाद कप्तान रहाणे का पलटवार

Sandesh Wahak Digital Desk: आईपीएल 2026 में गुरुवार को कोलकाता नाइट राइडर्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच ईडन गार्डन्स में खेले गए मुकाबले में केकेआर को 65 रन से हार का सामना करना पड़ा।

इस मैच में केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे का बल्ला नहीं चला और वह 10 गेंदों पर 8 रन बनाकर आउट हो गए।

इसके बाद उनके स्ट्राइक रेट को लेकर आलोचनाएं तेज हो गईं, जिनका जवाब रहाणे ने मैच के बाद बेबाकी से दिया।

रहाणे ने कहा, “मेरा स्ट्राइक रेट 2023 से अब तक सबसे बेहतर रहा है। जो लोग बातें कर रहे हैं, वे या तो मैच नहीं देख रहे हैं या फिर उनके पास मेरे खिलाफ कोई खास एजेंडा है।

उन्हें मेरा खेलना पसंद नहीं है। मुझे जो सफलता मिली है, मुझे लगता है कि वे उससे जलते हैं।”

Ajinkya Rahane

केकेआर कप्तान ने आगे कहा कि वह आलोचनाओं से परेशान नहीं हैं। “कभी-कभी बल्लेबाज को फ्लो नहीं मिलता।

जो लोग बात कर रहे हैं, वे या तो खेल को नहीं समझते या चाहते हैं कि मैं अलग तरह की पारी खेलूं। उन्हें उम्मीद नहीं थी कि अजिंक्य रहाणे अपने खेल में इतना सुधार करेगा। मुझे खुशी है कि वे मेरे बारे में बात कर रहे हैं—चाहे सकारात्मक हो या नकारात्मक।”

आंकड़ों के लिहाज से देखें तो आईपीएल 2023 के बाद भारतीय बल्लेबाजों में पावरप्ले के दौरान सिर्फ अभिषेक शर्मा का स्ट्राइक रेट (176.56) रहाणे (167.78) से बेहतर है।

हालांकि, पावरप्ले के बाद रहाणे का स्ट्राइक रेट गिरने को लेकर उनकी आलोचना होती रही है।

इससे पहले सीजन के पहले मुकाबले में मुंबई इंडियंस के खिलाफ रहाणे ने 40 गेंदों पर 67 रन की शानदार पारी खेली थी।

लेकिन एसआरएच के खिलाफ 227 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए केकेआर 16 ओवर में 161 रन पर सिमट गई और टीम को लगातार दूसरी हार झेलनी पड़ी।

Also Read: IPL 2026: युवराज सिंह का बेबाक बयान, ऐसे लोगों के साथ बैठना भी नहीं करते पसंद

Get real time updates directly on you device, subscribe now.