जब तक हमास का निरस्त्रीकरण नहीं, गाजा से नहीं हटेगी इजरायली सेना: नेतन्याहू
Sandesh Wahak Digital Desk: इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने एक वीडियो संदेश के जरिए स्पष्ट किया है कि जब तक हमास पूरी तरह से अपने हथियार नहीं डाल देता, तब तक इजरायली सेना गाजा में अपनी वर्तमान पोजीशन से पीछे नहीं हटेगी। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा गाजा शांति के लिए तैयार किए गए ‘पीस बोर्ड’ के मसौदे पर असहमति जताते हुए नेतन्याहू ने कहा कि व्हाइट हाउस की ओर से आया ड्राफ्ट उनका नहीं है और इजरायल ने इसमें संशोधन के लिए अपने सुझाव भेज दिए हैं।
हमास ने नई शर्तों के साथ दी युद्धविराम पर सहमति
दूसरी तरफ, हमास ने कुछ सख्त शर्तों के साथ युद्धविराम के नए रोडमैप पर रजामंदी जताई है। हमास का कहना है कि हथियारों को समर्पित करने का मुद्दा हमलों पर पूर्ण विराम, इजरायली सेना की वापसी और पुनर्निर्माण कार्यों पर निर्भर करेगा।
नए अंतरराष्ट्रीय रोडमैप के तहत, हमास गाजा में अपना नागरिक व सैन्य शासन छोड़ने को तैयार है, जिसके बाद एक स्वतंत्र फिलिस्तीनी राष्ट्रीय समिति संक्रमणकाल में गाजा की व्यवस्था, वित्तीय ऑडिट और नागरिक सेवाओं की कमान संभालेगी।
Also Read: भारतीय रिजर्व बैंक का तोहफा, लगातार चौथी बार रेपो रेट 5.25% पर बरकरार, EMI रहेगी स्थिर

