कुशीनगर: संयुक्त जिला चिकित्सालय में गूंजी किलकारियां, CDO वंदिता श्रीवास्तव ने माताओं को किया सम्मानित
Sandesh Wahak Digital Desk: जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर के निर्देशानुसार, कुशीनगर के पडरौना स्थित संयुक्त जिला चिकित्सालय के सभागार में ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ योजना के अंतर्गत एक भव्य कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला प्रोबेशन कार्यालय के तत्वाधान में आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी (CDO) वंदिता श्रीवास्तव ने की।

21 नवजात बेटियों का हुआ शाही स्वागत
कार्यक्रम के दौरान पिछले तीन दिनों के भीतर जन्मी 21 नवजात कन्याओं का जन्मोत्सव केक काटकर बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। CDO वंदिता श्रीवास्तव, जिला प्रोबेशन अधिकारी अरुण कुमार दूबे और CMS डॉ. दिलीप कुमार ने नवजात कन्याओं की माताओं (प्रियंका कुशवाहा, नैना चौहान, रानी कुशवाहा समेत 21 महिलाएं) को मिष्ठान, अंगवस्त्र, बेबी किट, हल्दी पैकेट, गुड़िया और चॉकलेट भेंट कर सम्मानित किया।
सरकारी योजनाओं की मिली विस्तृत जानकारी
जिला प्रोबेशन अधिकारी अरुण कुमार दूबे ने ‘प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना’ के बारे में विस्तार से बताया और पात्र महिलाओं से इसका लाभ लेने की अपील की।
डिस्ट्रिक्ट मिशन कोऑर्डिनेटर नलिन सिंह और बंदना कुशवाहा ने ‘मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना’, स्पॉन्सरशिप योजना और बाल सेवा योजना की बारीकियां समझाईं। उन्होंने माताओं को आवेदन प्रक्रिया और जरूरी दस्तावेजों के बारे में भी प्रेरित किया।
प्रीति सिंह ने चाइल्ड हेल्पलाइन (1098), वूमेन हेल्पलाइन (1090) और आपातकालीन सेवा (112) जैसे महत्वपूर्ण नंबरों की जानकारी देते हुए पम्पलेट वितरित किए।

“शिक्षा ही बेटियों का असली गहना”
मुख्य विकास अधिकारी वंदिता श्रीवास्तव ने अभिभावकों को संबोधित करते हुए बेटियों की शिक्षा पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि सरकार बेटियों के जन्म से लेकर उनकी पढ़ाई और सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। अभिभावकों को चाहिए कि वे इन जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाकर अपनी बेटियों के भविष्य को उज्ज्वल बनाएं।
रिपोर्ट: राघवेंद्र मल्ल

