Kushinagar News: आरपीएन सिंह ने किया ‘रामधाम पुल’ का शिलान्यास, 2.03 करोड़ से सुधरेगी कनेक्टिविटी

Sandesh Wahak Digital Desk: जनपद कुशीनगर के विकास पथ पर एक और मील का पत्थर जुड़ गया है। राज्यसभा सांसद कुंवर आरपीएन सिंह और सदर विधायक मनीष जायसवाल मंटू ने मंगलवार को पडरौना के प्रमुख ‘रामधाम मार्ग’ पर नए पुल का विधि-विधान से शिलान्यास किया। 2.03 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह पुल न केवल पडरौना शहर और विशुनपुरा ब्लॉक के गांवों को जोड़ेगा, बल्कि पड़ोसी राज्य बिहार की सीमा तक सुगम आवागमन का रास्ता भी साफ करेगा।

9 मीटर चौड़ा और 12 मीटर लंबा होगा ढांचा

पीडब्ल्यूडी (PWD) विभाग की देखरेख में बनने वाला यह पुल अत्याधुनिक मानकों के अनुरूप तैयार किया जाएगा। पुल की कुल चौड़ाई 9 मीटर और लंबाई 12 मीटर होगी। यह मार्ग पडरौना शहर को विशुनपुरा ब्लॉक के दर्जनों गांवों से जोड़ते हुए सीधे बिहार की सीमा तक जाता है। सांसद ने कार्यदायी संस्था को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।

किसानों, छात्रों और मरीजों को मिलेगी बड़ी राहत

शिलान्यास के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए कुंवर आरपीएन सिंह ने कहा कि क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा “इस पुल के बनने से किसानों को अपने उत्पाद मंडियों तक पहुंचाने में आसानी होगी। वहीं, यह मार्ग आपातकालीन स्थिति में मरीजों और रोजाना स्कूल जाने वाले छात्रों के लिए एक सुरक्षित और सुगम विकल्प बनेगा।”

जनता की पुरानी मांग हुई पूरी: विधायक मनीष जायसवाल

सदर विधायक मनीष जायसवाल ने कहा कि रामधाम पुल का निर्माण क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग थी। जर्जर मार्ग और पुराने ढांचे के कारण लोगों को काफी असुविधा होती थी। भाजपा सरकार ने इस पुल की स्वीकृति देकर जनता का भरोसा जीता है।

कार्यक्रम में मौजूद रहे गणमान्य व्यक्ति

इस गौरवशाली क्षण के दौरान ब्लॉक प्रमुख विशुनपुरा विंध्यवासिनी श्रीवास्तव, ब्लॉक प्रमुख पडरौना आशुतोष सिंह बहुगुणा, पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता सूबेदार यादव सहित भाजपा नगर अध्यक्ष भुवनेश्वर त्रिपाठी, प्रिंस प्रताप सिंह, चंदन जायसवाल और भारी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

रिपोर्ट: राघवेंद्र मल्ल

 

 

Also Read: UP में 12 साल बाद होगा ‘वेज बोर्ड’ का गठन, योगी सरकार का बड़ा एलान, जानें किसे मिलेगा फायदा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.