Lucknow: रची गई ट्रेन पलटाने की साजिश, लोको पायलट की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

Lucknow Train Sabotage News: राजधानी लखनऊ में एक बार फिर रेल सुरक्षा को चुनौती देने वाली घटना सामने आई है। कैंट क्षेत्र के दिलकुशा ब्लॉक हट के पास रेलवे ट्रैक पर 50 किलो वजनी लोहे का चौखट रखकर ट्रेन को पटरी से उतारने की कथित साजिश रची गई। हालांकि लोको पायलट की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के चलते एक बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के मुताबिक अमृतसर से हावड़ा जा रही 13006 पंजाब मेल शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे दिलकुशा इलाके से गुजर रही थी। इसी दौरान लोको पायलट की नजर ट्रैक पर रखे भारी लोहे के चौखट पर पड़ी। उन्होंने तत्काल इमरजेंसी ब्रेक लगा दी, लेकिन ट्रेन की रफ्तार के कारण इंजन चौखट से टकरा गया और वह इंजन के नीचे फंस गया।

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारी और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद चौखट को हटाया गया और जांच के लिए कब्जे में लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई यात्री घायल नहीं हुआ और समय रहते संभावित बड़ा हादसा टल गया।

CCTV खंगाल रही पुलिस, जांच में जुटीं एजेंसियां

वरिष्ठ खंड अभियंता (रेलपथ) राजकिशोर मिश्र की तहरीर पर Lucknow कैंट थाने में रेलवे अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस और सर्विलांस टीम घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि चौखट ट्रैक पर रखने वाले लोगों की पहचान की जा सके।

पुलिस फिलहाल इस घटना को शरारती तत्वों या नशेड़ियों की करतूत मानकर जांच कर रही है, लेकिन मामले की गंभीरता को देखते हुए खुफिया एजेंसियों को भी अलर्ट कर दिया गया है। जांचकर्ता यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि इसके पीछे कोई संगठित साजिश तो नहीं थी।

पहले भी आ चुकी हैं ऐसी घटनाएं

यह पहली बार नहीं है जब Lucknow और आसपास के क्षेत्रों में रेलवे ट्रैक पर बाधाएं रखकर ट्रेनों को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई हो। बीते एक वर्ष के दौरान मल्हौर, उतरेटिया और मलिहाबाद क्षेत्र में कई बार ट्रैक पर लोहे के ढांचे, लकड़ियां और भारी वस्तुएं रखी जा चुकी हैं।

पिछले साल और इस वर्ष की कई घटनाओं में लोको पायलटों की सतर्कता के चलते बड़े रेल हादसे टल चुके हैं। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था और ट्रैक निगरानी को लेकर नए सवाल खड़े कर दिए हैं।

Also Read: Lucknow को मिलेगा सबसे मॉडर्न स्काई वॉक, 18 करोड़ के ड्रीम प्रोजेक्ट को LDA की मंजूर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.