Lucknow News: साइकिल से टक्कर मारकर लूटने वाले ‘टप्पेबाज गिरोह’ का पर्दाफाश, सरगना समेत 4 गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ की हजरतगंज पुलिस और डीसीपी मध्य सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने टप्पेबाजी करने वाले एक बेहद शातिर अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। यह गिरोह सड़क पर चल रहे लोगों को साइकिल से टक्कर मारता था और फिर ‘संभालने’ के बहाने उनकी जेब साफ कर देता था। पुलिस ने गिरोह के सरगना सहित मुरादाबाद के रहने वाले कुल 4 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है।

साइकिल की टक्कर और ‘मदद’ का झांसा

घटना का खुलासा तब हुआ जब इंदिरा नगर निवासी बलराम साधवाणी ने शिकायत दर्ज कराई। गिरोह का एक सदस्य साइकिल से टार्गेट को टक्कर मारता था। जैसे ही व्यक्ति गिरने लगता, पीछे से आ रहे अन्य सदस्य उसे ‘संभालने’ का नाटक करते थे। इसी अफरा-तफरी के बीच वे पीड़ित की जेब से पैसे और कीमती सामान निकालकर भीड़ में गायब हो जाते थे। बीते 16 मार्च को बलराम साधवाणी के साथ इसी अंदाज में टप्पेबाजी कर ₹50,000 पार कर दिए गए थे।

मुरादाबाद से आकर लखनऊ में देते थे वारदात को अंजाम

सर्विलांस और सुरागरसी की मदद से पुलिस ने सोमवार रात करीब 11:15 बजे चारों अभियुक्तों को घेराबंदी कर दबोच लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण इस प्रकार है।

बिसारत (55 वर्ष) – गिरोह का सरगना (मुरादाबाद)

वसीम उर्फ शाहिल (35 वर्ष) – (मुरादाबाद) – इसका पुराना आपराधिक इतिहास भी है।

अरुण कुमार उर्फ ठाकुर (45 वर्ष) – (मुरादाबाद)

सचिन चौहान (32 वर्ष) – (मुरादाबाद)

बरामदगी का विवरण

पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से टप्पेबाजी का सामान और वारदात में इस्तेमाल हथियार बरामद किया है।

नकदी: चोरी किए गए रुपयों में से ₹3,673 बरामद।

दस्तावेज: चोरी हुई दो रसीदें और LIC रसीद की छायाप्रति।

वाहन: वारदात में प्रयुक्त ‘ए-वन’ कंपनी की 01 साइकिल।

पुलिस टीम की कामयाबी

हजरतगंज थाने के उप-निरीक्षक अंकित कुमार और सर्विलांस सेल की टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी विश्लेषण के जरिए इस अंतरराज्यीय गिरोह के रूट को ट्रैक किया। अभियुक्तों के खिलाफ बीएनएस (BNS) की धारा 303(2)/317(2) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेजा जा रहा है।

Also Read: अन्नदाताओं की बल्ले-बल्ले: ₹160 बढ़ा गेहूं का दाम, मंत्री सतीश शर्मा ने दिए सख्त निर्देश

Get real time updates directly on you device, subscribe now.