लखनऊ में 13 साल की मासूम से गैंगरेप, आंधी-पानी से बचने निर्माणाधीन मकान में रुकी थी पीड़िता

Lucknow News: नवाबों के शहर लखनऊ में मानवता एक बार फिर शर्मसार हुई है। आशियाना थाना क्षेत्र में एक 13 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मंगलवार रात, यह मासूम एक निर्माणाधीन मकान में बेसुध हालत में मिली, जिसके हाथ-पैर बंधे हुए थे और वह बुरी तरह बदहवास थी।

मूल रूप से कन्नौज की रहने वाली यह किशोरी अपने परिवार के साथ आशियाना में किराए के मकान में रहती है। उसके पिता राजमिस्त्री हैं और माँ घरों में काम करती हैं। भाई के मुताबिक, माँ की तबीयत खराब होने के कारण, मंगलवार शाम को बहन उनकी जगह काम करने गई थी।

रात करीब 8.30 बजे काम खत्म कर लौटते समय अचानक आंधी और तेज बारिश शुरू हो गई। बचने के लिए वह रास्ते में एक निर्माणाधीन मकान में रुक गई। बस, यही उसकी सबसे बड़ी भूल साबित हुई। इसी दौरान, एक 17 वर्षीय नाबालिग आरोपी अपने चार दोस्तों के साथ वहां पहुँच गया। इन दरिंदों ने मासूम को बंधक बना लिया, उसके साथ मारपीट की और फिर बारी-बारी से उसके साथ रेप किया।

परिजनों ने रंगेहाथ पकड़ा, दो आरोपी छत से कूदे

देर रात तक जब बेटी घर नहीं लौटी, तो परेशान परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। रास्ते में निर्माणाधीन मकान से कुछ आवाजें सुनाई देने पर वे अंदर गए। वहां का मंज़र देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। लड़की बदहवास, बेसुध और बंधक बनी हुई थी।

परिजनों को देखते ही आरोपी भागने लगे। शोर सुनकर आसपास के लोग भी जुट गए। भागने की कोशिश में दो आरोपी घबराहट में छत से कूद गए, जिससे उन्हें चोटें आईं। लेकिन, गुस्से से भरी भीड़ ने पाँचों आरोपियों को दौड़ाकर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।

Also Read: Bareilly News: 10 मिनट में बचाए 6 लाख, ATS अधिकारी बनकर ठगों ने किया था ‘डिजिटल अरेस्ट’

सूचना मिलते ही पुलिस कंट्रोल रूम (डायल 112) की टीम तुरंत मौके पर पहुँची। पुलिस ने सभी पाँचों आरोपियों को हिरासत में ले लिया और आशियाना थाने ले गई। घायल आरोपियों का भी इलाज कराया जा रहा है। डीसीपी मध्य, विक्रांत वीर ने भी घटनास्थल का दौरा किया और परिजनों व स्थानीय लोगों से बात की। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।

पीड़िता को तुरंत लोकबंधु अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ उसका इलाज चल रहा है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में लड़की ने बताया है कि मुख्य आरोपी उसका परिचित है और उसी ने उसके साथ रेप किया है, जबकि उसके दोस्तों ने इस कृत्य में उसका साथ दिया। पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की गहन जाँच की जा रही है।

Also Read: वृद्धावस्था पेंशन में बड़ा बदलाव, अब केवल ‘आधार’ से नहीं मिलेगी पेंशन, अनिवार्य हुए ये 3 दस्तावेज

Get real time updates directly on you device, subscribe now.