Lucknow News: LDA आवंटियों के लिए कल से शुरू होगी OTS योजना, जुर्माना और चक्रवृद्धि ब्याज से मिलेगी मुक्ति
Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) के बकायेदार आवंटियों के लिए राहत भरी खबर है। प्राधिकरण में 18 अप्रैल 2026 से ‘एकमुश्त समाधान योजना’ (OTS) की शुरुआत होने जा रही है। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने इस संबंध में कड़े आदेश जारी किए हैं कि योजना का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचे और आवेदन प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी न हो।
उपाध्यक्ष की सख्त निगरानी: बिना अनुमति निरस्त नहीं होगा आवेदन
योजना को पारदर्शी बनाने के लिए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने आदेश दिया है कि निचले स्तर का कोई भी अधिकारी या कर्मचारी ओटीएस आवेदन पर न तो कोई गैर-जरूरी आपत्ति लगाएगा और न ही उसे निरस्त करेगा। आवेदन निरस्त करने या आपत्ति लगाने के लिए उपाध्यक्ष की स्वीकृति अनिवार्य होगी।
4,000 डिफाल्टरों को मिलेगा लाभ
एलडीए ने लगभग 4,000 डिफाल्टर आवंटियों की पहचान की है। इसमें आश्रयहीन, EWS, LIG, MIG, HIG के साथ-साथ व्यावसायिक संपत्तियों और मानचित्र के बकायेदार भी शामिल हैं। इन सभी को कॉल सेंटर और मैसेज के जरिए सूचित किया जा चुका है।
आपकी सुविधा के लिए LDA के विशेष इंतजाम
हेल्प डेस्क: एलडीए कार्यालय के सिंगल विंडो काउंटर पर विशेष हेल्प डेस्क बनाया गया है, जहाँ कर्मचारी खुद आवंटी का ऑनलाइन फॉर्म भरेंगे।
क्षेत्रवार कैम्प: केवल कार्यालय ही नहीं, एलडीए अपनी सभी अलग-अलग योजनाओं (कॉलोनियों) में कैम्प लगाएगा ताकि लोग घर के पास ही आवेदन कर सकें।
समय सीमा: यह योजना 18 अप्रैल से 17 जुलाई 2026 तक चलेगी।
योजना के खास फायदे: ब्याज का बोझ होगा कम
यह योजना उन सभी के लिए है जिन पर किश्तें जमा न करने के कारण दण्ड और चक्रवृद्धि ब्याज लग गया है।
ब्याज में छूट: डिफाल्ट अवधि के लिए दण्ड ब्याज (Penalty Interest) से पूरी राहत मिलेगी। केवल सॉफ्टवेयर द्वारा गणना किया गया साधारण ब्याज ही देना होगा।
अतिरिक्त छूट: यदि ओटीएस की पूरी राशि 30 दिन के भीतर जमा कर दी जाती है, तो कुल देय राशि पर 3 प्रतिशत की अतिरिक्त छूट मिलेगी।
किश्तों की सुविधा: यदि बकाया 50 लाख रुपये से अधिक है, तो एक तिहाई भुगतान 30 दिन में और बाकी रकम 6 महीने के भीतर किश्तों में जमा की जा सकती है।
त्वरित निस्तारण: आवेदन जमा होने के 3 महीने के भीतर मामले का निस्तारण कर दिया जाएगा।
Also Read: ‘विपक्षी नेताओं को भी अपनी पत्नियों के पैर छूने चाहिए’, संसद में रवि किशन की बात सुनकर लगे ठहाके

