Commonwealth Games 2026: बिना मुकाबला खेले लवलीना ने पक्का किया मेडल, जानिए कैसे?

Sports News: कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 की शुरुआत से पहले ही भारत के खाते में पहला मेडल तय हो गया है।

भारत की स्टार महिला मुक्केबाज और ओलंपिक पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन ने देश का पहला मेडल पक्का कर दिया है।

लवलीना को उनकी वेट कैटेगरी में बाय मिलने के कारण सीधे सेमीफाइनल में जगह मिली है, जिससे उनका कम से कम ब्रॉन्ज मेडल सुनिश्चित हो गया है।

कॉमनवेल्थ गेम्स के बॉक्सिंग नियमों के मुताबिक सेमीफाइनल में पहुंचने वाले खिलाड़ियों का कम से कम कांस्य पदक तय होता है।

ऐसे में लवलीना के रिंग में उतरने से पहले ही भारत का पहला मेडल पक्का हो गया है। अब उनकी नजर गोल्ड मेडल जीतने पर होगी।

लवलीना बोरगोहेन अपना सेमीफाइनल मुकाबला 31 जुलाई को खेलेंगी। अगर वह इस मुकाबले में जीत हासिल करती हैं तो वह स्वर्ण पदक के मुकाबले में पहुंच जाएंगी।

24 जुलाई से शुरू होगा भारत का अभियान

ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय दल अपने अभियान की शुरुआत 24 जुलाई से करेगा। हालांकि, लॉन बाउल्स के मुकाबले उद्घाटन समारोह से पहले ही शुरू हो जाएंगे।

लवलीना का मेडल पक्का होना भारतीय खिलाड़ियों के लिए मनोबल बढ़ाने वाली खबर है।

भारत के मेडल पर पड़ेगा इन खेलों की गैरमौजूदगी का असर

इस बार कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत के लिए चुनौती पहले से ज्यादा कठिन रहने वाली है।

ग्लासगो गेम्स 2026 में हॉकी, बैडमिंटन, कुश्ती और क्रिकेट समेत छह ऐसे खेल शामिल नहीं हैं, जिनमें भारत ने पिछले संस्करण में 31 पदक जीते थे।

इस बार सिर्फ 10 खेलों का आयोजन किया जा रहा है, जिससे भारत की कुल मेडल संख्या पर असर पड़ सकता है।

इन खेलों में भारतीय खिलाड़ियों से उम्मीदें

भारत 10 में से 8 खेलों में हिस्सा ले रहा है। इनमें एथलेटिक्स, बॉक्सिंग, वेटलिफ्टिंग, जूडो, आर्टिस्टिक जिमनास्टिक, ट्रैक साइकलिंग, लॉन बाउल्स और स्विमिंग शामिल हैं।

एथलेटिक्स में स्टार जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा पर सभी की नजरें रहेंगी। नीरज ने 2018 गोल्ड कोस्ट कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड मेडल जीता था, जबकि चोट के कारण वह 2022 बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स में हिस्सा नहीं ले पाए थे।

अब भारतीय फैंस को उनसे एक बार फिर शानदार प्रदर्शन की उम्मीद है।

Also Read: BCCI ने बढ़ाई टाइटल स्पॉन्सरशिप की कीमत, अब कंपनियों को प्रति मैच चुकाने होंगे 4.9 करोड़ रुपये

Get real time updates directly on you device, subscribe now.