Barabanki News: झाड़-फूंक में गई विवाहिता की जान, पति-तांत्रिक सहित तीन गिरफ्तार

Barabanki News: उत्तर प्रदेश से झाड़-फूंक और अंधविश्वास के दो दर्दनाक मामले सामने आए हैं। बाराबंकी जिले के देवा कस्बे में एक मजार पर 10 दिनों तक एक विवाहिता को खंभे से बांधकर झाड़-फूंक की गई, जिससे उसकी मौत हो गई। वहीं, शाहजहांपुर में सांप काटने के बाद किशोर को पहले झाड़-फूंक के लिए ले जाया गया, जिससे इलाज में देरी हुई और उसकी भी मौत हो गई। पुलिस ने दोनों मामलों में कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

मजार पर खंभे से बांधकर इलाज

बाराबंकी के देवा कस्बे में सूफी संत हाजी वारिस अली शाह की दरगाह से अलग एक मजार पर 33 वर्षीय रूबी यादव को मानसिक बीमारी के नाम पर 10 दिनों तक खंभे से बांधकर रखा गया। लखनऊ के गोमतीनगर निवासी रूबी की सोमवार शाम तबीयत बिगड़ने पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवा ले जाया गया, जहां देर रात डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतका के पिता प्रमोद यादव ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि उनके दामाद अंकित यादव, कथित तांत्रिक मुन्ना और उसके सहयोगी कदीर अहमद ने इलाज के नाम पर रूबी को कई दिनों तक खंभे से बांधकर झाड़-फूंक की, जिससे उसकी हालत बिगड़ी और मौत हो गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

प्रभारी निरीक्षक आलोक मणि त्रिपाठी ने बताया कि यह मजार सूफी संत हाजी वारिस अली शाह की प्रसिद्ध दरगाह से अलग और कुछ दूरी पर स्थित है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विवेचना के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस मामले ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है और अंधविश्वास पर एक बार फिर सवाल उठाए हैं।

शाहजहांपुर: सांप काटने के बाद झाड़-फूंक में लगा समय, किशोर की मौत

शाहजहांपुर में खेत की रखवाली कर रहे 17 वर्षीय धनवीर को सोमवार रात सर्पदंश लगा। उसने मचान पर सोते समय कान में किसी जीव के काटने का आभास हुआ। सुबह तबीयत बिगड़ने पर उसने पास में सांप देखा और उसकी फोटो भी खींची। इसके बावजूद, परिजन उसे पहले झाड़-फूंक के लिए तांत्रिक के पास ले गए, जिससे कीमती समय बर्बाद हुआ। बाद में हालत गंभीर होने पर उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया और वहां से राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

Also Read: सुप्रीम कोर्ट की एजेंसियों को सलाह, युवाओं की बात सुनें, हिंसा से नहीं सुलझेगा मामला

Get real time updates directly on you device, subscribe now.