23 नए मेडिकल कॉलेजों के साथ इस साल बढ़ेगी MBBS की 2,925 सीटें! सरकार ने संसद में दी जानकारी
NEET UG 2026 काउंसलिंग का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। केंद्र सरकार ने संसद में देशभर के मेडिकल कॉलेजों और MBBS सीटों का ताजा आंकड़ा साझा किया है। सरकार के मुताबिक फिलहाल देश में 846 मेडिकल कॉलेज संचालित हो रहे हैं, जिनमें 1,39,864 MBBS सीटें उपलब्ध हैं। वहीं, नेशनल मेडिकल काउंसिल (NMC) की ओर से पहले जारी सीट मैट्रिक्स के मुकाबले अब करीब 2,925 सीटें बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।
यदि यह बढ़ोतरी लागू होती है तो मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (MCC) जल्द संशोधित Seat Matrix जारी कर सकती है, जिससे NEET UG 2026 के अभ्यर्थियों को अतिरिक्त सीटों का लाभ मिल सकता है।
सीट मैट्रिक्स से क्यों बढ़ी उम्मीद?
NMC ने 13 जुलाई 2026 को जारी सीट मैट्रिक्स में देश के 823 मेडिकल कॉलेजों की 1,36,939 MBBS सीटों पर दाखिले की जानकारी दी थी।
अब संसद में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने बताया कि देश में वर्तमान में 846 मेडिकल कॉलेज और 1,39,864 MBBS सीटें हैं। यानी पहले जारी सीट मैट्रिक्स की तुलना में 23 नए मेडिकल कॉलेज और 2,925 अतिरिक्त MBBS सीटें जुड़ने की संभावना बन रही है।
12 वर्षों में मेडिकल शिक्षा का विस्तार
सरकार के अनुसार पिछले 12 वर्षों में मेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा विस्तार हुआ है।
- 2014 से पहले: 387 मेडिकल कॉलेज
- वर्तमान में: 846 मेडिकल कॉलेज
- बढ़ोतरी: 118.6%
इसी तरह MBBS सीटों में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।
- 2014 से पहले: 51,348 MBBS सीटें
- वर्तमान में: 1,39,864 MBBS सीटें
- बढ़ोतरी: 172.4%
वहीं PG (Post Graduate) मेडिकल सीटें भी 31,185 से बढ़कर 86,360 हो गई हैं, जो करीब 176.9% की वृद्धि है।
बिहार में भी बढ़ी मेडिकल सीटें
संसद में साझा किए गए आंकड़ों के मुताबिक बिहार में भी मेडिकल शिक्षा का दायरा बढ़ा है।
- मेडिकल कॉलेज: 20 से बढ़कर 27
- MBBS सीटें: 2,415 से बढ़कर 4,285
- पिछले पांच वर्षों में सीटों में 77.4% की बढ़ोतरी
अब अभ्यर्थियों की नजर NMC और MCC की ओर से जारी होने वाले संशोधित MBBS Seat Matrix 2026 पर है, जिससे स्पष्ट होगा कि इस सत्र में अतिरिक्त सीटों पर दाखिला कब और कैसे होगा।
Also Read: UP NEET UG Counselling 2026: 85% MBBS-BDS सीटों के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू

