सौ से ज्यादा महिलाओं के यौन शोषण का आरोप, खुद की एक गलती से सलाखों के पीछे पहुंचा कारोबारी

Sandesh Wahak Digital Desk: महाराष्ट्र का नाशिक शहर इन दिनों एक ऐसे घिनौने स्कैंडल से दहल उठा है, जिसकी कल्पना भी किसी ने नहीं की होगी। पुलिस ने एक स्थानीय कारोबारी रविंद्र एरंडे को गिरफ्तार किया है, जिस पर 100 से अधिक महिलाओं के यौन शोषण और उनके आपत्तिजनक वीडियो बनाने का गंभीर आरोप है। चौंकाने वाली बात यह है कि इस पूरे मामले का खुलासा खुद आरोपी की एक शिकायत की वजह से हुआ।

चोरी की शिकायत पड़ी महंगी, ऐसे खुला राज

मामले की शुरुआत तब हुई जब रविंद्र एरंडे ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि उसका ‘टैब’ चोरी हो गया है और चार लोग उसे वीडियो वायरल करने की धमकी देकर 12 लाख रुपये की रंगदारी मांग रहे हैं। पुलिस ने जाल बिछाकर रंगदारी मांगने वालों को तो पकड़ लिया, लेकिन पूछताछ में जो सच सामने आया उसने पुलिस के भी होश उड़ा दिए।

पकड़े गए लड़कों ने बताया कि उस टैब में कोई मामूली डेटा नहीं, बल्कि महिलाओं के साथ की गई दरिंदगी के सैकड़ों वीडियो थे। पुलिस का शक गहराया और जब टैब की जांच की गई, तो आरोपी कारोबारी का असली चेहरा सामने आ गया।

टैब से मिले 87 खौफनाक वीडियो

पुलिस को जब्त किए गए टैब और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से अब तक 87 आपत्तिजनक वीडियो मिले हैं। इसके अलावा पुलिस ने चार मोबाइल, दो पेनड्राइव और मेमोरी कार्ड भी बरामद किए हैं। पुलिस को अंदेशा है कि पीड़ितों की संख्या 100 से भी ज्यादा हो सकती है।

जांच में सामने आया है कि रविंद्र बेहद शातिराना तरीके से अपना जाल बिछाता था। वह आंगनवाड़ी सेविकाओं, आशा वर्करों और घरेलू काम करने वाली जरूरतमंद महिलाओं को नौकरी दिलाने के बहाने फंसाता था। नाशिक और इगतपुरी के अलग-अलग होटलों में ले जाकर वह उनके साथ गलत काम करता था और छिपकर वीडियो बना लेता था। पुलिस इस बात की भी गहराई से पड़ताल कर रही है कि क्या इन वीडियो को ‘ब्लू फिल्म’ के तौर पर विदेशों में बेचा जाता था या महिलाओं को ब्लैकमेल कर उनसे पैसे वसूले जाते थे।

Also Read: IPL 2026: श्रेयस अय्यर पर लगेगा बैन? क्या BCCI लेगा एक्शन

Get real time updates directly on you device, subscribe now.