पार्थ पवार ने ली राज्यसभा सदस्य की शपथ, जेपी नड्डा से लेकर जयराम रमेश तक रहे मौजूद
उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने दिलाई पद एवं गोपनीयता की शपथ, अंग्रेजी में पढ़ा संकल्प, धनंजय शर्मा बोले- युवा नेतृत्व से देश की राजनीति को मिलेगी नई ऊर्जा
Sandesh Wahak Digital Desk: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के उभरते हुए नेता पार्थ पवार ने गुरुवार को राज्यसभा के सदस्य के रूप में शपथ लेकर राष्ट्रीय राजनीति के मंच पर अपनी औपचारिक उपस्थिति दर्ज कराई। संसद भवन के ‘चेयरमैन कॉन्फ्रेंस रूम’ में आयोजित एक गरिमामय समारोह के दौरान देश के उपराष्ट्रपति और राज्यसभा के सभापति सी. पी. राधाकृष्णन ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। पार्थ पवार ने अंग्रेजी भाषा में शपथ ली, जो उनके आधुनिक और वैश्विक दृष्टिकोण का संकेत मानी जा रही है।

वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में बढ़ा उत्साह
इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनने के लिए सत्ता पक्ष और विपक्ष के कई दिग्गज नेता मौजूद रहे। शपथ ग्रहण के दौरान महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजित पवार, केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा, एनसीपी नेता प्रफुल्ल पटेल, सुनील तटकरे और कांग्रेस नेता जयराम रमेश प्रमुख रूप से शामिल हुए।
पार्थ पवार की यह एंट्री उनके पिता और महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री स्वर्गीय अजित पवार के निधन के बाद खाली हुई सीट (उपचुनाव) के माध्यम से हुई है, जिसे उनके राजनीतिक उत्तराधिकारी के रूप में देखा जा रहा है।
नई सोच और नई ऊर्जा का संचार – धनंजय शर्मा
एनसीपी के राष्ट्रीय सचिव धनंजय शर्मा ने पार्थ पवार को इस नई जिम्मेदारी के लिए बधाई देते हुए इसे देश के लोकतंत्र के लिए सुखद बताया। उन्होंने कहा एक युवा और शिक्षित चेहरे का संसद के उच्च सदन में पहुंचना यह दर्शाता है कि अब नीति निर्धारण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ रही है।
धनंजय शर्मा ने विश्वास जताया कि पार्थ पवार के आने से युवाओं और किसानों की समस्याओं को सदन में नई मजबूती मिलेगी। उनकी नई सोच देश की राजनीति को नई दिशा देने का काम करेगी।
राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि पार्थ पवार की राज्यसभा में एंट्री महाराष्ट्र की राजनीति, विशेषकर बारामती और पश्चिमी महाराष्ट्र के समीकरणों को प्रभावित करेगी। सदन के अंदर अपनी पहली ही पारी में उन्होंने स्पष्ट किया है कि वे जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए पूरी निष्ठा से प्रयास करेंगे।
Also Read: Lucknow News: SGPGI ने रोबोटिक एंडोक्राइन सर्जरी में पूरे किए 200 सफल ऑपरेशन

