IPL 2026: फोन विवाद का फैसला आया सामने, RR मैनेजर रोमी भिंडर दोषी, वैभव सूर्यवंशी बाल-बाल बचे
Sandesh Wahak Digital Desk: IPL 2026 में राजस्थान रॉयल्स के मैनेजर रोमी भिंडर को डगआउट में मोबाइल फोन इस्तेमाल करने के मामले में आर्थिक जुर्माने की सजा सुनाई गई है।
जांच पूरी होने के बाद उन्हें भविष्य में दोबारा ऐसा न करने की सख्त चेतावनी भी दी गई है। हालांकि, इस पूरे मामले में उनके साथ बैठे 15 वर्षीय युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी पर किसी तरह की कार्रवाई नहीं की गई है।
यह घटना 10 अप्रैल को गुवाहाटी में राजस्थान रॉयल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच खेले गए मुकाबले के दौरान सामने आई थी।
मैच के दौरान रोमी भिंडर को डगआउट में बैठकर मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते देखा गया था।
नियमों के मुताबिक ड्रेसिंग रूम में फोन रखने की अनुमति होती है, लेकिन डगआउट में मोबाइल का इस्तेमाल प्रतिबंधित है। इसी आधार पर उनके खिलाफ जांच शुरू की गई थी।

जांच के दौरान यह स्पष्ट किया गया कि रोमी भिंडर ने स्वास्थ्य कारणों से फोन अपने पास रखा था।
उन्होंने पहले ही बीसीसीआई से इसकी अनुमति मांगी थी। बताया गया कि आईपीएल से पहले वह गंभीर रूप से बीमार थे और फेफड़ों की बीमारी के चलते लंबे समय तक आईसीयू में भर्ती रहे थे।
इसी वजह से उन्हें अपने डॉक्टर से लगातार संपर्क में रहना पड़ रहा था। हालांकि, इन परिस्थितियों के बावजूद नियम उल्लंघन को नजरअंदाज नहीं किया गया और उन पर जुर्माना लगाया गया।
राहत की बात यह रही कि एंटी करप्शन यूनिट की जांच में रोमी भिंडर को किसी भी तरह के भ्रष्टाचार के आरोप से पूरी तरह क्लीन चिट दे दी गई है।
इस तरह मामला यहीं समाप्त कर दिया गया है।
Also Read: 15 साल बाद बांग्लादेश में वनडे सीरीज खेलेगी ये टीम, दौरे का पूरा शेड्यूल जारी

