PM मोदी का ‘राष्ट्र के नाम संदेश’, आज रात 8:30 बजे देश को करेंगे संबोधित
Sandesh Wahak Digital Desk: संसद में पेश हुए महिला आरक्षण बिल को लेकर अब सियासी उबाल उठने लगा है। जिसको लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज (शनिवार) रात 8.30 बजे राष्ट्र को संबोधित करेंगे। सूत्रों की मानें तो पीएम मोदी इस संबोधन के माध्यम से महिला सशक्तिकरण को लेकर सरकार के विजन और विपक्ष के नकारात्मक रुख पर देश की जनता से सीधा संवाद करेंगे।
शनिवार को कैबिनेट बैठक के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्ष के खिलाफ बेहद कड़ा रुख अपनाया। सूत्रों के अनुसार, पीएम ने कैबिनेट सहयोगियों से कहा कि विपक्ष ने इस बिल का समर्थन न करके महिलाओं के हितों के खिलाफ काम किया है।
पीएम मोदी ने विपक्ष को इस विफलता के लिए ‘दोषी’ ठहराया और कहा कि उन्होंने ऐतिहासिक गलती की है। प्रधानमंत्री ने जोर दिया कि यह संदेश देश के हर गांव और हर घर तक पहुंचाया जाना चाहिए कि विपक्षी दल महिलाओं के प्रति नकारात्मक सोच रखते हैं और उनकी प्रगति में बाधक हैं।
विपक्ष की सफाई पर तंज
प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि अब विपक्षी पार्टियां अपनी इस ‘भूल’ को सही ठहराने की कोशिश में लगी हुई हैं, लेकिन देश की महिलाएं उन्हें देख रही हैं। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि भविष्य में विपक्ष को इस विरोध की भारी राजनीतिक कीमत चुकानी पड़ेगी।
क्या हो सकता है संबोधन का मुख्य केंद्र?
माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री अपने संबोधन में महिला आरक्षण बिल के महत्व और सरकार की ‘क्लीन’ नीयत को स्पष्ट करेंगे। विपक्ष द्वारा उठाए गए सवालों (कोटा और जनगणना) को राजनीति से प्रेरित बताएंगे। आगामी चुनावों के मद्देनजर महिलाओं को सरकार के साथ जुड़ने का आह्वान करेंगे।
Also Read: महिला आरक्षण के नाम पर मसीहा बनने का नाटक कर रही भाजपा, प्रियंका गांधी का सरकार पर तीखा हमला

