बरेली में 517 धार्मिक व सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस की छापेमारी, नियमों के खिलाफ बज रहे 5 लाउडस्पीकर उतरवाए
Bareilly News: बरेली जनपद में ध्वनि प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण और शासन द्वारा निर्धारित मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराने के लिए बरेली पुलिस ने शनिवार को एक बड़ा अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य के निर्देशन में शनिवार की सुबह 5 बजे से 7 बजे तक पूरे जिले में विशेष ध्वनि विस्तारक यंत्र (लाउडस्पीकर) चेकिंग अभियान चलाया गया। इस सघन चेकिंग के दौरान जनपद के समस्त थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमों ने कुल 517 स्थानों पर औचक छापेमारी की।

90 स्थानों पर कम कराई गई लाउडस्पीकर की आवाज
इस विशेष अभियान के दौरान शेरगढ़ थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अपने क्षेत्र के 17 स्थानों पर जांच की, जहां नियमों का खुला उल्लंघन पाए जाने पर 5 लाउडस्पीकरों को तत्काल प्रभाव से उतरवा दिया गया। इसके अलावा, जिले के विभिन्न थानों की पुलिस टीमों ने कुल 393 संदिग्ध ठिकानों की बारीकी से जांच कर नियमों के विरुद्ध तेज आवाज में बज रहे 90 लाउडस्पीकरों की ध्वनि को शासन के तय मानकों के अनुरूप कम कराया।
चेकिंग के साथ-साथ पुलिस ने प्रबंधकों और आमजन को ध्वनि प्रदूषण के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए भविष्य में नियमों का कड़ाई से पालन करने की हिदायत दी।
रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया
Also Read: Bareilly News: अलीगंज का हिस्ट्रीशीटर हसीब कुरैशी 3 महीने के लिए जिला बदर, बदायूं सीमा पर छोड़ा गया

