Lucknow में बिजली व्यवस्था हुई फेल, घंटों अंधेरे में डूबे इलाके, व्यापारियों का फूटा गुस्सा
Lucknow News: राजधानी में भीषण गर्मी और उमस के बीच बिजली व्यवस्था ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। रविवार को शहर के कई इलाकों में केबल फॉल्ट, शॉर्ट सर्किट और एबी केबल में आग लगने की घटनाओं के चलते घंटों बिजली आपूर्ति बाधित रही। हालात ऐसे रहे कि कई इलाकों में लोगों को रातभर बिना बिजली के गुजारा करना पड़ा, जबकि सुबह पानी की सप्लाई भी प्रभावित रही।
नजीराबाद बाजार में सुबह करीब 10:45 बजे बिजली गुल हो गई। व्यापारियों ने विभागीय अधिकारियों से संपर्क किया तो जल्द सप्लाई बहाल करने का आश्वासन मिला, लेकिन बिजली करीब तीन घंटे बाद लौट सकी। इसके कुछ देर बाद फिर आपूर्ति ठप हो गई। बार-बार हो रही कटौती से नाराज व्यापारियों ने प्रदर्शन किया और विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई। व्यापार मंडल के पदाधिकारियों का कहना है कि बिजली संकट की वजह से कारोबार बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
वहीं, चिनहट के शिवपुरी उपकेंद्र में देर रात फॉल्ट आने से तिवारीगंज, सतरिख रोड, मुक्ति विहार और आसपास के कई इलाके अंधेरे में डूब गए। आधी रात तक बिजली न आने पर परेशान लोग उपकेंद्र पहुंच गए और हंगामा किया। काफी मशक्कत के बाद करीब ढाई बजे सप्लाई बहाल हो सकी।
40 हजार आबादी हुई प्रभावित
डालीगंज क्षेत्र में रविवार शाम अचानक बिजली आपूर्ति ठप हो गई, जिससे कुतुबपुर, लाहौरगंज, मौसमगंज, नेहरू नगर और मनकामेश्वर मंदिर क्षेत्र समेत कई इलाकों की करीब 40 हजार आबादी प्रभावित हुई। विभाग ने इमरजेंसी शटडाउन को इसकी वजह बताया।
उधर मलिहाबाद में एक खंभे पर लगी एलटी लाइन के तारों में अचानक आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। चौक, ठाकुरगंज, मोतीनगर, आर्यनगर और बशीरतगंज समेत कई इलाकों में भी बिजली की आंखमिचौली जारी रही।
पीजीआई क्षेत्र के यमुनापुरम में शनिवार देर रात एबी केबल में आग लगने से हालात बिगड़ गए। केबल से उठती लपटों को देखकर लोग घरों से बाहर निकल आए। मरम्मत कार्य शुरू होने के दौरान स्थानीय लोगों और कर्मचारियों के बीच बहस भी हुई, जिससे बिजली बहाली में देरी हुई। बाद में अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद करीब दो घंटे बाद सप्लाई शुरू हो सकी।
12 घंटे तक अंधेरे में रहे हजारों लोग, इनवर्टर भी हुए जवाब
पीजीआई क्षेत्र की एकता नगर, पंचवटी कॉलोनी, मीना आवास, ओम नगर, शिवधाम कॉलोनी, कल्ली पश्चिम और आसपास के इलाकों में भूमिगत केबल फॉल्ट के कारण करीब 12 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। इससे करीब 15 हजार लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
रातभर बिजली न रहने से इनवर्टर भी जवाब दे गए। कूलर और पंखे बंद होने से लोग उमस भरी गर्मी में परेशान रहे। कई परिवारों ने रात घरों की छतों और बाहर टहलते हुए गुजारी। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में बिजली फॉल्ट और कटौती अब रोजमर्रा की समस्या बन चुकी है।
बिजली विभाग के अधिकारियों के मुताबिक विभिन्न इलाकों में आए फॉल्ट को दुरुस्त कर अधिकांश जगहों पर आपूर्ति बहाल कर दी गई है, जबकि कुछ स्थानों पर निगरानी जारी है।
Also Read: Lucknow में अब नहीं होगी मनमानी प्लॉटिंग, LDA ने जमीन कारोबारियों पर कसा शिकंजा

