MP: चलती ट्रेन में फैली आग की अफवाह, जान बचाने कूदे यात्री, दूसरी ट्रेन से कटकर 4 की मौत

MP News: मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में रविवार को एक दर्दनाक रेल हादसा हो गया। उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस में आग लगने की अफवाह फैलने के बाद मची अफरा-तफरी के बीच कुछ यात्री चलती ट्रेन से नीचे कूद गए। इसी दौरान दूसरी पटरी पर आ रही पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में आने से चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक बच्चा और तीन महिलाएं शामिल हैं।

जानकारी के मुताबिक उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस मुरैना से धौलपुर की ओर जा रही थी। ट्रेन जब हेतमपुर और घेर रेलवे स्टेशन के बीच पहुंची, तभी किसी ने कोच में आग लगने की सूचना फैला दी। देखते ही देखते यात्रियों में हड़कंप मच गया।

घबराए यात्रियों ने चेन पुलिंग कर ट्रेन रुकवाने की कोशिश की। ट्रेन की रफ्तार धीमी होते ही कई यात्री अपनी जान बचाने के लिए नीचे उतरने लगे और कुछ लोग दूसरी पटरी की ओर चले गए।

दूसरी ट्रेन बनी मौत का कारण

इसी दौरान दूसरी ट्रैक पर पातालकोट एक्सप्रेस गुजर रही थी। अफरा-तफरी के बीच चार यात्री उसकी चपेट में आ गए। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर ही चार लोगों की मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारी, जीआरपी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया तथा हादसे की जांच शुरू कर दी गई है। रेलवे प्रशासन यह पता लगाने में जुटा है कि आग लगने की अफवाह कैसे फैली और इसके पीछे कोई शरारती तत्व तो नहीं था।

पहले भी सामने आ चुकी हैं ऐसी घटनाएं

हाल ही में मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में राजधानी एक्सप्रेस के एक एसी कोच में आग लगने की घटना सामने आई थी। उस घटना के बाद भी रेल यातायात प्रभावित हुआ था। हालांकि मुरैना की घटना में आग लगने की पुष्टि नहीं हुई है और शुरुआती जांच में इसे अफवाह के कारण हुई दुर्घटना माना जा रहा है।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति में घबराने के बजाय रेलवे कर्मचारियों और सुरक्षा कर्मियों के निर्देशों का पालन करें, ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।

Also Read: महाराष्ट्र में दर्दनाक हादसा, श्रद्धालुओं से भरी पिकअप कुएं में गिरी, 10 लोगों की मौत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.