महाराष्ट्र में दर्दनाक हादसा, श्रद्धालुओं से भरी पिकअप कुएं में गिरी, 10 लोगों की मौत
Sandesh Wahak Digital Desk: महाराष्ट्र के पंढरपुर में रविवार को एक भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। श्रद्धालुओं से भरी एक पिकअप वैन अचानक अनियंत्रित होकर कुएं में जा गिरी, जिससे 10 लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे का शिकार हुए सभी लोग पंढरपुर के रांजनी गांव के निवासी थे। वे धार्मिक यात्रा पर निकले थे, तभी रास्ते में यह दर्दनाक दुर्घटना हो गई। स्थानीय प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य में जुट गए।
हादसे के बाद मचा मातम
घटना की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। प्रशासन की ओर से मृतकों की पहचान और अन्य आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए भी जांच शुरू कर दी गई है।
इस दुखद घटना पर एनसीपी नेता रोहित पवार ने भी शोक व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि यह हादसा बेहद दुखद, हृदयविदारक और स्तब्ध कर देने वाला है। उन्होंने मृतकों को श्रद्धांजलि देते हुए प्रशासन से राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने की अपील की।
हादसे की जांच शुरू
प्रशासन की ओर से दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती तौर पर आशंका जताई जा रही है कि वाहन अनियंत्रित होकर कुएं में गिरा, हालांकि वास्तविक कारण जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
फिलहाल पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है और प्रशासन राहत कार्यों के साथ-साथ पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने में जुटा हुआ है।
Also Read: एग्जाम देने जा रहे छात्रों का फूटा गुस्सा, ट्रेन में तोड़फोड़-पथराव, पाटलिपुत्र स्टेशन पर अफरा-तफरी

