सम्राट चौधरी आज रचेंगे इतिहास, पहली बार बिहार में BJP का मुख्यमंत्री, पटना में जश्न का माहौल

Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार की राजनीति में आज का दिन सुनहरे अक्षरों में दर्ज होने वाला है। दशकों तक ‘किंगमेकर’ की भूमिका निभाने वाली भारतीय जनता पार्टी आज पहली बार बिहार में ‘किंग’ की भूमिका में नज़र आएगी। सुबह 11 बजे पटना के लोकभवन में सम्राट चौधरी बिहार के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। यह पहला मौका है जब भाजपा न केवल गठबंधन में बड़ी पार्टी बनकर उभरी है, बल्कि अपना मुख्यमंत्री भी बनाया है।

शपथ ग्रहण: सम्राट के साथ दो डिप्टी सीएम संभालेंगे कमान

राज्यपाल द्वारा सरकार बनाने का न्योता मिलने के बाद आज पटना के लोकभवन में भव्य शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया है।

मुख्यमंत्री: सम्राट चौधरी (BJP)

डिप्टी सीएम: विजय चौधरी (JDU) और बिजेंद्र यादव (JDU)

एनडीए विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद सम्राट चौधरी ने राजभवन जाकर सरकार बनाने का दावा पेश किया था। इससे पूर्व नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद से अपना इस्तीफा सौंपकर सत्ता के नए हस्तांतरण का मार्ग प्रशस्त किया।

सम्राट चौधरी: 9 साल में ‘किंग’ बनने का सफर

सम्राट चौधरी का राजनीतिक ग्राफ किसी फिल्मी पटकथा से कम नहीं है। 26 साल पहले पहली बार विधायक बनने वाले सम्राट महज 9 साल पहले भाजपा में शामिल हुए थे। अपनी आक्रामक शैली और स्पष्टवादी छवि के लिए जाने जाने वाले सम्राट 2024 में बिहार के डिप्टी सीएम बने। 2025 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की प्रचंड जीत ने उनके सीएम बनने का रास्ता साफ कर दिया। अब उनके सामने न केवल बिहार का विकास करने की, बल्कि एनडीए गठबंधन को एकजुट रखने की भी बड़ी चुनौती है।

जातीय समीकरण: कोयरी-कुशवाहा समाज का बढ़ता कद

बिहार जैसे राज्य में जहां राजनीति जातियों के इर्द-गिर्द घूमती है, वहाँ सम्राट चौधरी भाजपा के लिए ‘मास्टरस्ट्रोक’ साबित हुए हैं। सम्राट चौधरी पिछड़े वर्ग की कोयरी जाति से आते हैं। बिहार में कोयरी-कुशवाहा समाज की आबादी करीब 4 से 5 प्रतिशत है। यादवों के बाद ओबीसी (OBC) वर्ग में यह सबसे बड़ा आबादी वाला समूह है। इसी सामाजिक समीकरण ने उन्हें मुख्यमंत्री पद का सबसे योग्य उम्मीदवार बनाया है।

रविशंकर प्रसाद: “अब होगा विकास, विकास और विकास”

पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने इस बदलाव पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि नीतीश कुमार के जाने से एक संवेदना है क्योंकि उन्होंने बिहार के लिए बहुत काम किया है, लेकिन सम्राट चौधरी के आने से नई ऊर्जा का संचार हुआ है। उन्होंने भरोसा जताया कि भाजपा के नेतृत्व में नई एनडीए सरकार बिहार को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी।

Also Read: पिछले साल के सारे रिकॉर्ड तोड़ेगी 2026 की गर्मी! 5 जिलों में ‘हीटवेव’ जैसे हालात

Get real time updates directly on you device, subscribe now.