Siddharthnagar News: 25 हजार का इनामी गैंगस्टर अकबर उर्फ गुठे गिरफ्तार, पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा

Siddharthnagar News। जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे जीरो टॉलरेंस अभियान के तहत कठेला समय माता पुलिस और एसओजी (SOG) की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी गैंगस्टर को गिरफ्तार कर बुधवार को जेल भेज दिया। पकड़े गए आरोपी के खिलाफ गोवंश वध निवारण अधिनियम और गिरोहबंद गतिविधियों के कई संगीन मामले दर्ज हैं।

Siddharthnagar News: 25 हजार का इनामी गैंगस्टर अकबर उर्फ गुठे गिरफ्तार, पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा

लोकेशन मिलते ही बिछाया गया जाल

सीओ शोहरतगढ़ मयंक द्विवेदी ने ‘संदेश वाहक‘ को बताया कि पुलिस टीम को वांछित अभियुक्त की सटीक लोकेशन मेडिकल कॉलेज रोड पर मिली थी। सूचना मिलते ही एसओजी और थाना कठेला समय माता की टीम ने बड़े डाकघर के सामने घेराबंदी की। 24 मार्च की शाम आरोपी अकबर उर्फ गुठे को बिना किसी प्रतिरोध के गिरफ्तार कर लिया गया। 25 मार्च को उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

16 साल पुराना है आपराधिक इतिहास

गिरफ्तार अभियुक्त अकबर उर्फ गुठे (निवासी ग्राम गोपीजोत, थाना मोहाना) का अपराध की दुनिया से पुराना नाता है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक वर्ष 2018 (मोहाना) और 2025 (चिल्हिया) में गोवंश वध निवारण अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी पर वर्ष 2019 और हाल ही में वर्ष 2026 में गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम (गैंगस्टर एक्ट) के तहत कार्रवाई की गई थी। वर्ष 2010 में ही उस पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट और धमकी देने का मामला थाना मोहाना में दर्ज हुआ था।

टीम वर्क से मिली सफलता

इस गिरफ्तारी में थाना कठेला समय माता पुलिस और एसओजी टीम के बीच बेहतर समन्वय देखने को मिला। पुलिस महानिरीक्षक और पुलिस अधीक्षक द्वारा इनामी अपराधियों की धरपकड़ के लिए दिए गए निर्देशों के क्रम में यह एक बड़ी कामयाबी मानी जा रही है।

रिपोर्ट: जाकिर खान

 

Also Read: 30 की उम्र में भी हार्ट अटैक का खतरा! डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी अस्पताल के कार्डियोलॉजिस्ट ने दी चेतावनी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.