यूपी में कल से बिना HSRP वाले वाहनों की नहीं होगी प्रदूषण जांच, 2 करोड़ गाड़ियां रडार पर
Lucknow News: उत्तर प्रदेश में 15 अप्रैल से पुराने वाहनों के लिए नियम बेहद सख्त होने जा रहे हैं। परिवहन विभाग ने स्पष्ट कर दिया है कि जिन वाहनों पर हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट (HSRP) नहीं लगी होगी, उनकी प्रदूषण जांच (PUC) नहीं की जाएगी। प्रदेश में अभी भी लगभग 2 करोड़ वाहन ऐसे हैं, जिनमें यह विशेष नंबर प्लेट नहीं लगी है। इनमें से बड़ी संख्या ग्रामीण क्षेत्रों के दोपहिया वाहनों की है।
प्रदूषण पोर्टल में किया गया बड़ा तकनीकी बदलाव
अपर परिवहन आयुक्त (राजस्व) राजेंद्र विश्वकर्मा के अनुसार, परिवहन विभाग ने NIC के साथ मिलकर प्रदूषण जांच पोर्टल (PUCC) को अपडेट कर दिया है। अब पोर्टल प्रमाणपत्र तभी जारी करेगा जब वाहन का डेटा एचएसआरपी के साथ लिंक होगा। यानी, प्लेट नहीं तो सर्टिफिकेट भी नहीं। यह सिर्फ एक नंबर प्लेट नहीं बल्कि आपके वाहन की सुरक्षा का कवच है।
सुरक्षा फीचर्स: एल्युमीनियम की इस प्लेट में अशोक चक्र होलोग्राम और 10 अंकों का यूनिक लेजर कोड (PIN) होता है।
डेटा लिंक: इसमें इंजन और चेसिस नंबर की पूरी जानकारी डिजिटल रूप में दर्ज होती है, जिससे वाहन चोरी होने पर उसे ट्रैक करना आसान हो जाता है।
OTP के बिना नहीं होगी जांच
फरवरी से ही प्रदूषण जांच की प्रक्रिया में बदलाव किया गया है। अब जांच के समय आपके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एक ओटीपी (OTP) आता है। अगर आपका मोबाइल नंबर बदल गया है, तो उसे पहले अपडेट कराना होगा, तभी प्रदूषण जांच संभव हो पाएगी।
घर बैठे ऐसे करें आवेदन
अगर आपके वाहन पर प्लेट नहीं है, तो आप इसे ऑनलाइन बुक कर सकते हैं।
वेबसाइट: bookmyhsrp.com पर जाएं।
विकल्प चुनें: High Security Registration Plate with Colour Sticker पर क्लिक करें।
डिटेल्स भरें: अपना राज्य, वाहन नंबर, चेसिस और इंजन नंबर दर्ज करें।
डिलीवरी: अपने नजदीकी डीलर या होम डिलीवरी का विकल्प चुनें।
फीस: दोपहिया के लिए लगभग 400 रुपये और चौपहिया के लिए 1100 रुपये तक का ऑनलाइन भुगतान करें।
Also Read: ईरान वार्ता पर अमेरिकी उपराष्ट्रपति का बड़ा बयान, प्रगति हुई पर समझौता नहीं

