50,000 का इनामी डकैत शिवम सिंह ‘आर्यन’ गिरफ्तार, बस्ती और अयोध्या में फैला था खौफ
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश एसटीएफ (STF) ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए ₹50,000 के इनामी अपराधी शिवम सिंह उर्फ आर्यन को गिरफ्तार कर लिया है। अयोध्या के बीकापुर में हुई डकैती की घटना में वांछित चल रहे इस शातिर अपराधी को एसटीएफ की फील्ड इकाई अयोध्या ने जनपद बस्ती के छावनी थाना क्षेत्र से धर दबोचा। शिवम सिंह के खिलाफ लूट, डकैती, अपहरण और आर्म्स एक्ट जैसे दर्जनों संगीन मामले दर्ज हैं।
अमौनी नहर पर बिछाया गया जाल
एसटीएफ के पुलिस उपाधीक्षक प्रमेश कुमार शुक्ल के पर्यवेक्षण में उप-निरीक्षक सौरभ मिश्रा की टीम अपराधियों की तलाश में जनपद बस्ती में भ्रमणशील थी। इसी दौरान सटीक मुखबिरी मिली कि इनामी बदमाश शिवम सिंह अमौनी नहर के पास मौजूद है। 2 अप्रैल 2026 की शाम करीब 6:35 बजे टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने सितंबर 2025 में अयोध्या के बीकापुर में एक मोटरसाइकिल सवार से लूट की बड़ी घटना को अंजाम दिया था, जिसके बाद से वह फरार चल रहा था।
गोंडा के व्यापारी अपहरण कांड का भी रहा मुख्य चेहरा
पूछताछ में शिवम सिंह उर्फ आर्यन ने अपने जुर्म की लंबी फेहरिस्त कबूल की है। वर्ष 2022 में उसने अपने गैंग के साथ मिलकर जनपद गोंडा के छपिया थाना क्षेत्र के बहुचर्चित व्यापारी बबलू गुप्ता का अपहरण किया था और ₹20 लाख की फिरौती मांगी थी। वह वर्ष 2019 से अपराध की दुनिया में सक्रिय है। वर्तमान में वह बस्ती के राजकुमार यादव और गोंडा के विकास मिश्रा गैंग के साथ मिलकर अपहरण, डकैती और चोरी जैसी घटनाओं को अंजाम दे रहा था।
अपराध का लंबा कच्चा चिट्ठा
एसटीएफ द्वारा जारी विवरण के अनुसार, शिवम सिंह का आपराधिक इतिहास बेहद खौफनाक है। उसके खिलाफ बस्ती और गोंडा के विभिन्न थानों में 11 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें गैंगस्टर एक्ट, जानलेवा हमला (307) और अपहरण जैसी धाराएं शामिल हैं। एसटीएफ ने गिरफ्तार अभियुक्त को अयोध्या पुलिस के हवाले कर दिया है, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
Also Read: Balrampur News: जिला मेमोरियल अस्पताल में मासूम की मौत, परिजनों ने डॉक्टर्स पर लगाए गंभीर आरोप

