एसटीएफ ने झारखंड से अर्पिता सरकार को दबोचा, संदिग्ध आतंकी हमीम मंडल की है करीबी

Sandesh Wahak Digital Desk: पश्चिम बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े एक बड़े नेटवर्क का भांडाफोड़ करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। एसटीएफ की टीम ने झारखंड के साहिबगंज जिले से अर्पिता सरकार नाम की महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला जैश-ए-मोहम्मद के संदिग्ध आतंकी हमीम मंडल की बेहद करीबी सहयोगी बताई जा रही है।

बर्दवान से पकड़ा गया था हमीम मंडल

इससे पहले शुक्रवार को एसटीएफ ने पूर्वी बर्दवान जिले के बर्दवान शहर स्थित एक हाउसिंग कॉम्प्लेक्स के फ्लैट में छापेमारी कर हमीम मंडल को गिरफ्तार किया था। कड़ाई से की गई पूछताछ में हमीम ने अर्पिता सरकार के साथ अपने संबंधों का खुलासा किया। इसके तुरंत बाद एसटीएफ की एक विशेष टीम ने साहिबगंज (झारखंड) पहुंचकर स्थानीय पुलिस की मदद से शुक्रवार देर रात अर्पिता को धर दबोचा।

संदिग्ध दस्तावेज बरामद

नामी बर्दवान वाले फ्लैट की तलाशी के दौरान एसटीएफ को पश्चिम बंगाल के सीएम सुवेंदु अधिकारी के कार्यक्रमों, गतिविधियों और समय-सारणी (शेड्यूल) से संबंधित आपत्तिजनक दस्तावेज मिले हैं। इससे यह आशंका गहरा गई है कि सुवेंदु अधिकारी आतंकियों के निशाने पर हो सकते थे। सुरक्षा एजेंसियों के इनपुट के आधार पर केंद्र सरकार समय-समय पर सुवेंदु अधिकारी की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर उसे कड़ा करती रही है।

एसटीएफ सूत्रों का दावा है कि गिरफ्तार अर्पिता सरकार की भूमिका के सामने आने के बाद अब इस आतंकी नेटवर्क में हनी-ट्रैपिंग के पहलू की भी गहराई से जांच की जा रही है। इसके अलावा एसटीएफ को पता चला है कि हमीम मंडल के तार कश्मीर में सक्रिय सज्जाद भट समूह से सीधे जुड़े हुए थे। बता दें कि सज्जाद भट 2019 के भयावह पुलवामा आतंकी हमले का मुख्य साजिशकर्ता था।

Also Read: Salman Khan Fees: वामसी पेडिपल्ली की फिल्म के लिए सलमान खान ले रहे सिर्फ 70 करोड़ फीस? जानिए वजह

Get real time updates directly on you device, subscribe now.