E-20 विरोध से पहले तहसीन पूनावाला का दावा, नजरबंद करने घर पहुंची दिल्ली पुलिस

Tehseen Poonawalla: E-20 पेट्रोल को लेकर विरोध अब तेज होता नजर आ रहा है। उद्योगपति और सामाजिक कार्यकर्ता तहसीन पूनावाला ने शनिवार से भूख हड़ताल और मौन मार्च शुरू करने का ऐलान किया था। इसी बीच उन्होंने दावा किया कि दिल्ली पुलिस की टीम उनके घर पहुंच गई और उन्हें बाहर जाने से रोक रही है।

तहसीन पूनावाला का आरोप है कि पुलिस उन्हें नजरबंद करना चाहती है ताकि वह एथेनॉल और E-20 पेट्रोल के खिलाफ अपनी बात सार्वजनिक रूप से न रख सकें। उनके मुताबिक, पुलिस का कहना है कि उनकी एक अपील पर बड़ी संख्या में ‘टीम भारत’ के समर्थक जुट सकते हैं, इसलिए उन्हें घर से बाहर नहीं जाने दिया जा रहा है।

E-20 नीति में बदलाव की मांग

इससे पहले पूनावाला के नेतृत्व वाली ‘टीम भारत’ ने 31 जुलाई को संसद तक कार मार्च निकालने की घोषणा की थी। हालांकि, केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने तीन दिन पहले टीम के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी मांगें सुनीं, जिसके बाद मार्च स्थगित कर दिया गया।

पूनावाला का कहना है कि E-20 पेट्रोल को अनिवार्य बनाना उचित नहीं है। उन्होंने मांग की है कि E-20 पेट्रोल की कीमत शुद्ध पेट्रोल से 20 प्रतिशत कम रखी जाए। साथ ही सभी पेट्रोल पंपों पर उपभोक्ताओं के लिए शुद्ध पेट्रोल का विकल्प भी उपलब्ध कराया जाए।

केजरीवाल भी करेंगे टाउनहॉल

आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल भी E-20 मुद्दे पर कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में टाउनहॉल आयोजित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसमें विशेषज्ञ, प्रभावित लोग और इस विषय में रुचि रखने वाले नागरिक शामिल होंगे।

भूख हड़ताल की घोषणा के दौरान तहसीन पूनावाला ने कहा था कि उन्हें मौन व्रत और अनशन की अनुमति से जुड़ा कोई लिखित आदेश नहीं दिया गया। उनका कहना है कि अब उनकी खामोशी ही इस मुद्दे पर बड़ा संदेश देगी।

Also Read: 800 की क्षमता वाली ओपन जेल में सिर्फ 316 बंदी, हाईकोर्ट ने मांगा जवाब 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.