TMC नेता के तालाब से STF ने बरामद किया हथियारों का जखीरा, इलाके में हड़कंप
Sandesh Wahak Digital Desk: पश्चिम बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को शनिवार सुबह एक बड़ी कामयाबी हासिल हुई है। एसटीएफ ने उत्तर 24 परगना जिले के संवेदनशील इलाके संदेशखाली में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के स्थानीय नेताओं के परिसरों पर छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध हथियार और जिंदा कारतूस जब्त किए हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि इन घातक हथियारों को छिपाने के लिए बकायदा एक तालाब का इस्तेमाल किया गया था। गुप्त सूचना के आधार पर शुरू की गई इस अचानक कार्रवाई से पूरे क्षेत्र के सियासी गलियारों में हलचल तेज हो गई है।
जांच टीम ने संदेशखाली के विवादित नेता शेख शाहजहाँ के बेहद करीबी माने जाने वाले टीएमसी नेता रॉबिन दास और उनके भाई गोपाल दास के आवास पर दबिश दी थी। जब टीम ने घर के साथ-साथ वहां मौजूद एक तालाब को खंगाला, तो पानी के भीतर से हथियारों का जखीरा बरामद हुआ।
पुलिस को आशंका है कि इन हथियारों को इलाके में बड़े पैमाने पर हिंसा और अशांति फैलाने के उद्देश्य से छुपाकर रखा गया था। हालांकि, कार्रवाई की भनक लगते ही दोनों आरोपी भाई पुलिस के पहुंचने से ठीक पहले ही मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों के अनुसार, इन दोनों भाइयों पर पहले भी ग्रामीणों को डराने-धमकाने और आतंकित करने के गंभीर आरोप लग चुके हैं।
पंचायत समिति अध्यक्ष रौउफन यासमीन के घर भी पड़ा छापा
तालाब से भारी मात्रा में असलहे मिलने के बाद एसटीएफ ने अपनी कार्रवाई का दायरा और बढ़ा दिया है। इसी कड़ी में जांच टीम ने संदेशखाली-2 ब्लॉक पंचायत समिति की अध्यक्ष रौउफन यासमीन मोल्ला के आवास पर भी ताबड़तोड़ छापेमारी की। रौउफन यासमीन का नाम पहले भी कई स्थानीय विवादों और चुनावी हिंसा को हवा देने के आरोपों में सामने आ चुका है।
वर्ष 2024 में जब प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम राशन घोटाला मामले की जांच के सिलसिले में शेख शाहजहाँ के सरबेड़िया स्थित घर पर छापेमारी करने पहुंची थी, तब केंद्रीय जांच एजेंसियों पर हुए हिंसक हमले और विरोध प्रदर्शनों में भी रौउफन यासमीन की संदेहास्पद भूमिका सामने आई थी। इस मामले को लेकर केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) भी उनसे पूछताछ कर चुकी है।
संदेशखाली में हाल के दिनों में टीएमसी नेताओं के ठिकानों से लगातार हो रही हथियारों की बरामदगी ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और फरार भाइयों की गिरफ्तारी के लिए बड़े पैमाने पर कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
Also Read: Golmaal 5 में रणवीर सिंह की सरप्राइज एंट्री? अक्षय कुमार के रोल पर बड़ा खुलासा

