अमित शाह की मौजूदगी में सुवेंदु अधिकारी ने भरा पर्चा, ममता के घर के बाहर भिड़े BJP-TMC कार्यकर्ता

Sandesh Wahak Digital Desk: पश्चिम बंगाल की सबसे हॉट सीट मानी जाने वाली भवानीपुर विधानसभा सीट पर आज सियासी पारा अपने चरम पर पहुंच गया। बीजेपी के दिग्गज नेता सुवेंदु अधिकारी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में अपना नामांकन दाखिल कर दिया है। नामांकन से पहले आयोजित रोड शो ने बंगाल की राजनीति में हलचल मचा दी, जहां शक्ति प्रदर्शन के साथ-साथ भारी तनाव भी देखने को मिला।

ममता के गढ़ में सुवेंदु की चुनौती

2021 में नंदीग्राम की ऐतिहासिक जंग में ममता बनर्जी को हराने वाले सुवेंदु अधिकारी एक बार फिर दीदी के सामने हैं। अमित शाह ने खुलासा किया कि सुवेंदु केवल नंदीग्राम से ही लड़ना चाहते थे, लेकिन उन्होंने खुद सुवेंदु से कहा कि भवानीपुर में ममता को चुनौती देकर उन्हें उनके गढ़ में ही पटखनी देनी है। सुवेंदु को बंगाल की नब्ज पहचानने वाला नेता माना जाता है, जिससे भवानीपुर की राह अब ममता के लिए आसान नहीं दिख रही।

रोड शो में हंगामा, आमने-सामने आए कार्यकर्ता

शक्ति प्रदर्शन के दौरान माहौल तब बिगड़ गया जब बीजेपी का रोड शो मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के आवास के करीब कालीघाट इलाके में पहुंचा। वहां मौजूद टीएमसी (TMC) कार्यकर्ताओं ने सुवेंदु अधिकारी के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी और काले झंडे दिखाए। देखते ही देखते दोनों पार्टियों के समर्थक आपस में भिड़ गए। धक्का-मुक्की और हाथापाई के बीच स्थिति काफी तनावपूर्ण हो गई। सुरक्षा कारणों और बढ़ते हंगामे को देखते हुए अमित शाह को अपना रथ छोड़कर कार से आगे निकलना पड़ा ताकि वे समय पर नामांकन प्रक्रिया में शामिल हो सकें।

भवानीपुर का सियासी समीकरण

भवानीपुर को हमेशा से ममता बनर्जी का सुरक्षित किला माना गया है। उन्होंने 2011, 2016 और 2021 के उपचुनाव में यहाँ से बड़ी जीत दर्ज की थी। लेकिन सुवेंदु अधिकारी के मैदान में आने से समीकरण दिलचस्प हो गए हैं। 2021 में नंदीग्राम में सुवेंदु ने ममता को 1,956 वोटों से मात दी थी, और अब बीजेपी उसी इतिहास को भवानीपुर में दोहराने की उम्मीद कर रही है।

Also Read: ईरान की सौ साल पुरानी मेडिकल विरासत जमींदोज, पाश्चर इंस्टीट्यूट पर हमले से भड़का तेहरान

Get real time updates directly on you device, subscribe now.