भारत दौरे से पहले ऑस्ट्रेलिया का नया दांव, BGT से पहले नहीं खेलेगी प्रैक्टिस मैच
Border Gavaskar Trophy: अगले साल जनवरी-फरवरी में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच मैचों की बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी (BGT) खेली जाएगी। आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 का हिस्सा इस सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया ने अलग तैयारी का फैसला किया है। टीम इंडिया के खिलाफ भारत में लंबे समय से टेस्ट सीरीज नहीं जीत पाने के बाद कंगारू टीम इस बार नई रणनीति के साथ मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है।
प्रैक्टिस मैच नहीं, ट्रेनिंग कैंप पर रहेगा जोर
ऑस्ट्रेलिया के मुख्य कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड ने बांग्लादेश के खिलाफ होने वाली दो टेस्ट मैचों की सीरीज से पहले बताया कि भारत दौरे से पहले टीम कोई अभ्यास मैच नहीं खेलेगी। आमतौर पर विदेशी टीमें स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप ढलने के लिए प्रैक्टिस मैच खेलती हैं, लेकिन इस बार ऑस्ट्रेलिया भारत में विशेष प्री-सीरीज ट्रेनिंग कैंप आयोजित करने की योजना बना रही है।
कोच ने कहा कि कुछ खिलाड़ियों की उपमहाद्वीप की तैयारी घरेलू टेस्ट सीजन खत्म होने से पहले ही शुरू कर दी जाएगी। इससे खिलाड़ी भारतीय परिस्थितियों के लिए बेहतर तरीके से तैयार हो सकेंगे।
पहले भी अपनाई जा चुकी है यह रणनीति
ऑस्ट्रेलिया ने दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड दौरों के लिए स्थानीय टीमों के खिलाफ टूर मैच तय किए हैं, लेकिन भारत दौरे के लिए ऐसा नहीं किया गया है। इससे पहले श्रीलंका दौरे से पहले दुबई और 2023 में भारत दौरे से पहले बेंगलुरु के पास अलूर में भी टीम ने विशेष कैंप लगाया था।
हालांकि, टीम के सामने समय की चुनौती भी रहेगी। न्यूजीलैंड के खिलाफ नए साल का टेस्ट खत्म होने के दो सप्ताह से भी कम समय बाद 21 जनवरी से नागपुर में पहला टेस्ट खेला जाएगा। ऐसे में कोचिंग स्टाफ प्रमुख खिलाड़ियों को पहले से भारतीय जैसी स्पिन पिचों पर अभ्यास कराने का विकल्प भी तलाश रहा है।
Also Read: नए साल में आ सकते हैं प्लास्टिक के नोट, RBI गवर्नर ने बताया कब होगी शुरुआत

