‘रातोंरात करोड़पति बन गए’, रणवीर सिंह की ‘धुरंधर’ का असर, रवि किशन की फिल्म ने मचाया धमाल

Sandesh Wahak Digital Desk: रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त प्रदर्शन कर रही है।

आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने दोनों पार्ट्स को मिलाकर करीब 3000 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर ली है।

लेकिन इस बड़ी सफलता के बीच एक पुरानी भोजपुरी फिल्म भी अचानक सुर्खियों में आ गई है, जिसने भोजपुरी सुपरस्टार रवि किशन की किस्मत फिर से चमका दी है।

दरअसल, साल 2013 में रवि किशन की भोजपुरी एक्शन फिल्म धुरंधर: द शूटर रिलीज हुई थी। अब रणवीर सिंह की ‘धुरंधर’ की चर्चा के बीच दर्शकों की नजर इस पुराने वर्जन पर भी पड़ी और फिल्म को दोबारा देखा जाने लगा।

यहां तक कि कुछ लोगों ने इसे बॉलीवुड की ‘धुरंधर’ से जोड़कर देखने की कोशिश की।

‘नई धुरंधर के चक्कर में लोगों ने मेरा वर्जन देख लिया’

फिल्म धमाल 4 के ट्रेलर लॉन्च इवेंट के दौरान जब रवि किशन से इस बारे में सवाल किया गया, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, “हां, मुझे इसकी पूरी जानकारी है।

Ravi Kishan

मेरी जिंदगी में ऐसी अजीबोगरीब चीजें होती रहती हैं। मैंने भोजपुरी में ‘धुरंधर’ नाम की एक फिल्म की थी, जो उसी तरह की एक्शन फिल्म थी, बस उसका बजट और भाषा अलग थी।

अब नई ‘धुरंधर’ के चलते लोगों ने मेरा वर्जन भी देख लिया। इसके प्रोड्यूसर और जिनके पास इसके राइट्स हैं, वे तो रातोंरात करोड़पति बन गए हैं।”

‘धुरंधर: द शूटर’ में पुलिस ऑफिसर बने थे रवि किशन

2013 में रिलीज हुई ‘धुरंधर: द शूटर’ एक पूरी तरह से कमर्शियल भोजपुरी एक्शन एंटरटेनर थी। फिल्म का निर्देशन दीपक तिवारी ने किया था।

इसमें रवि किशन ने एक पुलिस ऑफिसर का किरदार निभाया था, जिसका नाम रणवीर था। अपने समय में फिल्म का रिस्पॉन्स औसत रहा, लेकिन अब इसे नई पहचान मिलती दिख रही है।

‘धमाल 4’ का ट्रेलर लॉन्च

शुक्रवार को मुंबई के पास एक एम्यूजमेंट पार्क में ‘धमाल 4’ का ट्रेलर लॉन्च किया गया। इस मौके पर अजय देवगन, अरशद वारसी, जावेद जाफरी, उपेंद्र लिमये और रवि किशन मौजूद रहे।

वहीं, फिल्म के प्रोड्यूसर भूषण कुमार, अशोक ठकेरिया और डायरेक्टर इंद्र कुमार ने भी इवेंट में शिरकत की। फिल्म 10 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।

Also Read: 370 रुपये की बिरयानी विवाद में फंसे प्रणित मोरे, जानिए कितनी है कॉमेडियन की कुल संपत्ति

Get real time updates directly on you device, subscribe now.