महज 36 साल की उम्र में इस पूर्व भारतीय क्रिकेटर का निधन, क्रिकेट जगत में शोक की लहर
पूर्व भारतीय क्रिकेटर अमनप्रीत सिंह गिल का निधन...
Sandesh Wahak Digital Desk: पंजाब क्रिकेट से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। पंजाब के पूर्व क्रिकेटर अमनप्रीत सिंह गिल का 36 वर्ष की उम्र में चंडीगढ़ में निधन हो गया।
उनके अचानक निधन से क्रिकेट जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। अमनप्रीत गिल घरेलू क्रिकेट में अपनी तेज गेंदबाजी और शांत स्वभाव के लिए पहचाने जाते थे।
हालांकि, उनकी मौत के कारणों का अब तक खुलासा नहीं हो पाया है।
अमनप्रीत सिंह गिल एक मीडियम पेसर थे और उन्होंने पंजाब की ओर से छह फर्स्ट क्लास मुकाबले खेले थे। इसके अलावा वह इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के पहले सीजन में किंग्स इलेवन पंजाब टीम का भी हिस्सा रहे थे।
क्रिकेट करियर के दौरान उन्होंने कई बड़े भारतीय खिलाड़ियों के साथ ड्रेसिंग रूम साझा किया और पंजाब क्रिकेट में अपनी अलग पहचान बनाई।
क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद भी अमनप्रीत खेल से जुड़े रहे। वह पंजाब सीनियर चयन समिति के सदस्य के रूप में काम कर रहे थे और युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभा रहे थे।

पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (PCA) ने उनके निधन पर गहरा दुख जताया है। एसोसिएशन ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि अमनप्रीत गिल ने समर्पण और जुनून के साथ पंजाब क्रिकेट की सेवा की।
उन्होंने भारत अंडर-19, पंजाब टीम और किंग्स इलेवन पंजाब का प्रतिनिधित्व किया और हमेशा खेल के प्रति ईमानदार रहे।
पूर्व भारतीय ऑलराउंडर Yuvraj Singh ने भी अमनप्रीत गिल को श्रद्धांजलि दी। युवराज ने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट साझा करते हुए उन्हें शांत, मेहनती और क्रिकेट से बेहद प्यार करने वाला खिलाड़ी बताया।
उन्होंने कहा कि शुरुआती क्रिकेट करियर में अमनप्रीत के साथ बिताए पल हमेशा याद रहेंगे।
जानकारी के मुताबिक, अमनप्रीत सिंह गिल का अंतिम संस्कार चंडीगढ़ के मनीमाजरा श्मशान घाट में किया जाएगा। उनके निधन से पंजाब क्रिकेट ने एक समर्पित खिलाड़ी और मार्गदर्शक खो दिया है।
Also Read: IPL Record: कूपर कोनोली ने रचा इतिहास, तोड़ा डिकॉक का 10 साल पुराना रिकॉर्ड

