राजीव चौक और मंडी हाउस समेत दिल्ली के 3 प्रमुख मेट्रो स्टेशन खुले, 15 अन्य स्टेशनों पर पाबंदी अभी भी जारी
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से अपील की है कि सभी मेट्रो स्टेशन चालू कर दिए गए हैं और वे अपने-अपने गंतव्य की ओर लौट जाएं। हालांकि, दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) के आधिकारिक बयान के अनुसार शनिवार को केवल तीन प्रमुख स्टेशनों राजीव चौक, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट और मंडी हाउस पर ही एंट्री व एग्जिट गेट दोबारा खोले गए हैं। सुबह के समय बंद किए गए अन्य 15 मेट्रो स्टेशन सुरक्षा कारणों से अभी भी पूरी तरह से बंद रखे गए हैं।
जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेतृत्व में जारी बड़े पैमाने पर आंदोलन के कारण सेंट्रल दिल्ली के इलाकों में भारी भीड़ जमा हो रही है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अप्रिय घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से मेट्रो स्टेशनों के संचालन पर यह पाबंदी लगाई गई है। हालांकि, राहत की बात यह है कि चालू किए गए तीन प्रमुख स्टेशनों (राजीव चौक, मंडी हाउस और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट) पर यात्रियों के लिए इंटरचेंज (लाइन बदलने) की सुविधा उपलब्ध करा दी गई है।
यात्रियों को उठानी पड़ सकती है परेशानी
डीएमआरसी के मुताबिक सुरक्षा एजेंसियों के निर्देश पर 15 अन्य मेट्रो स्टेशनों पर परिचालन सेवा फिलहाल स्थगित है। बंद रहने वाले स्टेशनों की सूची में लोक कल्याण मार्ग, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग, शिवाजी स्टेडियम, झंडेवालान और नई दिल्ली शामिल हैं।
Also Read: धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर अखिलेश यादव बोले- यह देश के युवाओं की ऐतिहासिक जीत

