ब्रिटेन में सियासी भूचाल! PM Keir Starmer दे सकते है इस्तीफा, 100 से ज्यादा सांसद बागी
Keir Starmer set to resign?: ब्रिटेन की राजनीति में बड़ा उलटफेर देखने को मिल सकता है। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर जल्द ही अपने पद से इस्तीफे का ऐलान कर सकते हैं। हालांकि सरकार की ओर से इन खबरों को खारिज करते हुए कहा गया है कि स्टार्मर फिलहाल पूरी तरह अपने काम और देश के प्रशासन पर ध्यान केंद्रित किए हुए हैं।
स्टार्मर की कुर्सी पर खतरे की चर्चा पिछले कई महीनों से चल रही थी, लेकिन अब उनकी ही लेबर पार्टी के भीतर विरोध खुलकर सामने आने लगा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, 100 से ज्यादा सांसद सार्वजनिक रूप से उनके नेतृत्व पर सवाल उठा चुके हैं और कुछ सांसद उनसे इस्तीफा देने या पद छोड़ने की समय-सीमा घोषित करने की मांग कर रहे हैं।
लेबर पार्टी में बढ़ा दबाव, एंडी बर्नहैम बने चुनौती
Keir Starmer की मुश्किलें उस समय और बढ़ गईं जब उनके राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी एंडी बर्नहैम को नेतृत्व की दौड़ में मजबूत दावेदार माना जाने लगा। हालिया राजनीतिक घटनाक्रमों के बाद बर्नहैम के पास स्टार्मर को नेतृत्व चुनौती देने का रास्ता खुल गया है। कई रिपोर्ट्स में उन्हें संभावित उत्तराधिकारी के रूप में भी देखा जा रहा है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, स्टार्मर अपने आधिकारिक आवास ‘चेकर्स’ में करीबी सहयोगियों और परिवार के साथ भविष्य को लेकर चर्चा कर रहे हैं। हालांकि अभी तक उनकी ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
Keir Starmer के इस्तीफे पर सस्पेंस बरकरार
जहां एक ओर कुछ रिपोर्ट्स सोमवार को इस्तीफे के ऐलान की संभावना जता रही हैं, वहीं सरकारी सूत्रों का कहना है कि प्रधानमंत्री पद छोड़ने की खबरें महज अटकलें हैं। खुद स्टार्मर हाल के दिनों में कह चुके हैं कि यदि उनके नेतृत्व को चुनौती दी जाती है तो वह उसका मुकाबला करेंगे और पीछे नहीं हटेंगे।
फिलहाल पूरे ब्रिटेन की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या Keir Starmer वास्तव में पद छोड़ेंगे या फिर पार्टी के भीतर बढ़ते विरोध के बावजूद नेतृत्व की लड़ाई लड़ेंगे। सोमवार को इस राजनीतिक संकट की तस्वीर और साफ हो सकती है।
Also Read: गाजा में फिर बरसे इजरायली बम, 2 बच्चों समेत 6 की मौत, एक पत्रकार भी हमले का शिकार

