अबान के जनाजे में शामिल होंगे उमर और अली, इलाहाबाद हाईकोर्ट से अतीक के दोनों बेटों को मिली पैरोल

Prayagraj News: माफिया अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद की झांसी-कानपुर नेशनल हाईवे पर दर्दनाक सड़क हादसे में हुई मौत के बाद उसके अंतिम संस्कार को लेकर हलचल तेज हो गई है। लखनऊ व अन्य जेलों में बंद उसके बड़े भाइयों उमर अहमद और अली अहमद को इलाहाबाद हाईकोर्ट से जनाजे में शामिल होने के लिए पैरोल मिल गई है। इससे पहले जिला अदालत ने उनकी अर्जी खारिज कर दी थी। हाईकोर्ट ने पैरोल की शर्त रखते हुए निर्देश दिया है कि दोनों भाई मीडिया से कोई बातचीत नहीं करेंगे, वहीं यूपी सरकार ने अदालत को आश्वस्त किया है कि इस दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था मुहैया कराई जाएगी।

कसारी-मसारी कब्रिस्तान में होगा अंतिम संस्कार

अबान का पार्थिव शरीर प्रयागराज के पुरामुफ्ती इलाके में उसकी बुआ के घर रखा गया है। देर शाम कसारी-मसारी कब्रिस्तान में उसके अंतिम संस्कार (सुपुर्द-ए-खाक) की प्रक्रिया संपन्न होने की संभावना है। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और पुलिस अलर्ट मोड पर हैं। कब्रिस्तान और उसके आसपास के पूरे इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल व पैरामिलिट्री जवानों को तैनात किया गया है ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।

झांसी के पूंछ थाना क्षेत्र में गुरुवार को तेज रफ्तार क्रेटा कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई थी। इस हादसे में अबान अहमद और उसके दोस्त सोनू की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। झांसी मेडिकल कॉलेज में तीन डॉक्टरों के पैनल द्वारा किए गए पोस्टमार्टम की रिपोर्ट में सामने आया है कि तेज प्रभाव के कारण दोनों के सिर में गंभीर ब्रेन हेमरेज हुआ था और आंतरिक अंग बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए थे, जिससे अत्यधिक रक्तस्राव होने से उनकी जान चली गई।

Also Read: टीम इंडिया से विदाई के बाद विदेश में दिखेगा रहाणे का जलवा, मिली बड़ी जिम्मेदारी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.