जवाब देने से पीछे हट रही सरकार, सत्र समय से पहले खत्म होने पर कांग्रेस का हमला
UP Assembly: उत्तर प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र निर्धारित समय से पहले अनिश्चितकाल के लिए स्थगित किए जाने पर कांग्रेस ने योगी सरकार को घेरा है। कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने आरोप लगाया कि सरकार राम मंदिर चढ़ावा मामले और किसानों की खाद संकट जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा से बचना चाहती है। उन्होंने कहा कि जनता से जुड़े सवालों पर सरकार जवाब देने से पीछे हट रही है।
चर्चा की मांग के बावजूद नहीं हुई बहस
आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने कहा कि कांग्रेस ने विधानसभा में नियम 311 और नियम 56 के तहत भगवान रामलला मंदिर के चंदा-चढ़ावा से जुड़े कथित मामले और प्रदेश में किसानों को खाद की कमी पर चर्चा की मांग की थी। उनका दावा है कि कार्यमंत्रणा समिति में इस पर सहमति भी बनी थी, लेकिन इसके बावजूद सदन को तय समय से पहले अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया।
सरकार पर जवाबदेही से बचने का आरोप
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि पूर्ण बहुमत वाली सरकार विपक्ष के सवालों का सामना करने से बच रही है। उन्होंने कहा कि बजट भी पर्याप्त चर्चा के बिना पारित कराया गया। मोना ने आरोप लगाया कि राम मंदिर के चंदा-चढ़ावा, भूमि खरीद और अन्य खर्चों में कथित अनियमितताओं के बावजूद अब तक जिम्मेदार लोगों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है।
उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि जब विधानसभा का मानसून सत्र 6 अगस्त तक निर्धारित था, तो उसे समय से पहले समाप्त करने की क्या वजह थी। मोना का कहना है कि सरकार लोकतांत्रिक परंपराओं की अनदेखी कर विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है।
Also Read: लखनऊ में अवैध निर्माणों पर LDA का एक्शन, अलीगंज के 51 कॉम्प्लेक्स पर चलेगा बुलडोजर

