लखनऊ के रामाडा होटल में इस दिन होगी क्रिकेटर रिंकू सिंह और सपा सांसद प्रिया सरोज की शादी
Rinku Singh-Priya Saroj Wedding: भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह और समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज की शादी की तारीख तय हो गई है। दोनों 4 दिसंबर 2026 को लखनऊ के रामाडा होटल (Ramada Hotel Lucknow) में सात फेरे लेंगे। शादी की तैयारियां शुरू होने की जानकारी सामने आई है। इस शादी पर क्रिकेट और राजनीति, दोनों जगत की नजर रहेगी।
रिंकू सिंह और प्रिया सरोज ने 8 जून 2025 को लखनऊ में सगाई की थी। पहले दोनों की शादी नवंबर 2025 में वाराणसी में प्रस्तावित थी, लेकिन रिंकू की क्रिकेट प्रतिबद्धताओं के चलते तारीख आगे बढ़ गई। इसके बाद भी अलग-अलग संभावित तारीखें सामने आती रहीं, लेकिन अब 4 दिसंबर 2026 की तारीख (Rinku Singh-Priya Saroj Wedding) तय बताई जा रही है।
गांव में शादी चाहती थीं प्रिया
प्रिया सरोज ने पहले बताया था कि उनकी इच्छा गांव में पारंपरिक तरीके से शादी करने की थी। उनके परिवार में कई शादियां गांव में हुई हैं और बचपन से उन्होंने उसी माहौल में विवाह समारोह देखे हैं। हालांकि दोनों की सार्वजनिक पहचान और मेहमानों को देखते हुए शादी के लिए लखनऊ को चुना गया है।
लखनऊ इस रिश्ते के लिए पहले से खास रहा है। दोनों की सगाई भी यहीं हुई थी, जिसमें राजनीति और क्रिकेट जगत से जुड़े कई लोग शामिल हुए थे।
इंस्टाग्राम से शुरू हुई थी बातचीत
रिंकू और प्रिया की कहानी भी काफी दिलचस्प है। प्रिया के मुताबिक, उनकी बहन से जुड़े एक काम के सिलसिले में रिंकू से संपर्क करने की बात सामने आई थी। इसके बाद इंस्टाग्राम के जरिए बातचीत की शुरुआत हुई। शुरुआत में प्रिया सीधे बात करने में सहज नहीं थीं, इसलिए उनके भाई ने कुछ समय तक रिंकू से बातचीत की।
धीरे-धीरे दोनों की बातचीत बढ़ी और परिवारों के बीच भी रिश्ते को लेकर सहमति बनने लगी। प्रिया के पिता तूफानी सरोज शुरुआत में इस रिश्ते को लेकर सहज नहीं थे। परिवार चाहता था कि बेटी की शादी पढ़े-लिखे और स्थिर करियर वाले युवक से हो। रिंकू के क्रिकेट करियर में लगातार सफलता के साथ परिवार की सोच भी बदली।
प्रिया के मुताबिक, वह रिंकू को अक्सर ‘आरके’ (RK) कहकर बुलाती हैं। इसके पीछे उन्होंने पूर्वांचल की पारिवारिक परंपरा का हवाला दिया है, जहां कई परिवारों में पत्नी पति का नाम सीधे नहीं लेती।
अब Rinku Singh और Priya Saroj की Wedding 4 दिसंबर को लखनऊ में होगी।
Also Read: मोहम्मद शमी के भाई पर लखनऊ की महिला ने लगाए यौन शोषण के आरोप, पुलिस से लगाई न्याय की गुहार

