यूपी के वकीलों को हर साल 5 लाख तक कैशलेस इलाज, CM योगी का बड़ा ऐलान
CM Yogi: उत्तर प्रदेश के वकीलों के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। प्रयागराज में हाईकोर्ट बार एसोसिएशन, इलाहाबाद के सम्मान समारोह में सीएम ने हाईकोर्ट और जिला अदालतों में सक्रिय अधिवक्ताओं को हर साल पांच लाख रुपये तक कैशलेस इलाज की सुविधा देने की बात कही। उन्होंने हाईकोर्ट में 10 हजार से अधिक वकीलों के चैंबर के रखरखाव के लिए फर्नीचर और उपकरण उपलब्ध कराने में सरकार की ओर से पूरा सहयोग देने का भरोसा दिया।
मुख्यमंत्री ने 400 राज्य विधि अधिकारियों को टैबलेट देने की भी घोषणा की। इससे उन्हें अदालतों से जुड़े मामलों की जानकारी आधुनिक तकनीक के जरिए मिल सकेगी।
चैंबर, पार्किंग और कल्याण निधि में बढ़ोतरी
योगी ने बताया कि करीब 700 करोड़ रुपये की लागत से चैंबर, मल्टीलेवल पार्किंग, डाइनिंग हॉल, कॉमन रूम और लाइब्रेरी का निर्माण कराया गया है। अधिवक्ता कल्याण निधि की राशि डेढ़ लाख से बढ़ाकर पांच लाख रुपये की गई है। अधिवक्ता की मृत्यु पर परिवार को मिलने वाली सहायता की आयु सीमा भी 60 से बढ़ाकर 70 वर्ष कर दी गई है।
कौशांबी, लखनऊ, कासगंज और श्रावस्ती समेत करीब 12 जिलों में चैंबर निर्माण के लिए अलग से धनराशि दी गई है। 10 जिलों में इंटीग्रेटेड कोर्ट कॉम्प्लेक्स बनाए जा रहे हैं, जहां चैंबर और सस्ती कैंटीन जैसी सुविधाएं होंगी।
न्याय व्यवस्था में तकनीक पर जोर
सीएम ने कहा कि साइबर क्राइम, AI, डेटा प्राइवेसी और डिजिटल कॉमर्स जैसे नए क्षेत्रों के लिए वकीलों को अपडेट रहना होगा। उन्होंने कहा कि समय पर न्याय मिलने से ही आम आदमी का भरोसा कायम रहेगा। जिला अदालतों और जेलों में हाईस्पीड इंटरनेट, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग और वर्चुअल गवाही की व्यवस्था की गई है।
मुख्य न्यायाधीश अरुण भंसाली ने सुविधाओं के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि सरकार की नीति स्पष्ट है, “निर्दोष को छेड़ेंगे नहीं और अपराधी को छोड़ेंगे नहीं।”
Also Read: वाराणसी जलभराव पर योगी सरकार का एक्शन, लापरवाही बरतने पर अधिशासी अभियंता सस्पेंड

