Kanpur News: नौ साल बेमिसाल के जश्न में मची रार, कुर्सी न मिली तो बीच प्रेस कॉन्फ्रेंस से उठकर चले गए नगर अध्यक्ष

Kanpur News: उत्तर प्रदेश के कानपुर में भारतीय जनता पार्टी का एक बड़ा कार्यक्रम उस वक्त चर्चा का विषय बन गया, जब जश्न के बीच ही पार्टी की अंतर्कलह सामने आ गई। केंद्र सरकार के ‘9 साल बेमिसाल’ की उपलब्धियां गिनाने के लिए बुलाई गई प्रेस कॉन्फ्रेंस में सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन अचानक कुर्सी को लेकर हुए विवाद ने पूरी महफिल का रंग फीका कर दिया।

पूरा मामला तब शुरू हुआ जब प्रदेश सरकार के मंत्री योगेंद्र उपाध्याय पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। बताया जा रहा है कि बीजेपी नगर अध्यक्ष अनिल दीक्षित इस बात से उखड़ गए कि उन्हें और अन्य पदाधिकारियों को बैठने के लिए उचित जगह या कुर्सी नहीं मिली। देखते ही देखते कार्यकर्ताओं के बीच बहस शुरू हो गई और नाराज होकर नगर अध्यक्ष हॉल छोड़कर बाहर निकल गए।

नेताजी के आगे हाथ जोड़कर खड़े हो गए एसडीएम

मंच पर असहज स्थिति पैदा होते देख प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए। मौके पर मौजूद एसडीएम (सदर) भागते हुए बाहर आए और नाराज नगर अध्यक्ष को मनाने की कोशिश करने लगे। वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि एसडीएम साहब हाथ जोड़कर नेताजी को वापस चलने की मिन्नतें कर रहे हैं, लेकिन मान-मनव्वल का यह दौर बेअसर रहा। नगर अध्यक्ष के साथ उनके समर्थक भी नारेबाजी करते हुए बाहर चले गए।

इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें बीजेपी नेताओं की आपसी गुटबाजी साफ झलक रही है। जहाँ बीजेपी अपनी एकजुटता के दावे करती है, वहीं कानपुर की इस घटना ने जिले के राजनीतिक गलियारों में नई चर्चा छेड़ दी है। विपक्षी दल भी इस ‘कुर्सी युद्ध’ पर चुटकी लेने से पीछे नहीं हट रहे हैं।

Also Read: खतरनाक साबित हो सकती है बच्चों में खून की कमी, ऐसे करें पहचान

Get real time updates directly on you device, subscribe now.