छात्रवृत्ति से वंचित छात्रों को योगी सरकार का बड़ा तोहफा, आवेदन के लिए फिर से खुलेगा पोर्टल
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने प्रदेश के हजारों छात्र-छात्राओं के हित में एक बड़ा और संवेदनशील निर्णय लिया है। शैक्षिक सत्र 2025-26 के दौरान किन्हीं कारणों से छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति के लिए आवेदन करने से वंचित रह गए पात्र छात्रों को सरकार एक और अवसर देने जा रही है। समाज कल्याण विभाग जल्द ही इसके लिए अपना आधिकारिक पोर्टल दोबारा खोलने की तैयारी कर रहा है।
कोई भी पात्र छात्र नहीं रहेगा वंचित
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के क्रम में यह पहल सुनिश्चित की गई है ताकि तकनीकी दिक्कतों या जानकारी के अभाव में कोई भी मेधावी छात्र आर्थिक सहायता से महरूम न रहे। इस योजना का सीधा लाभ सामान्य वर्ग, अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST) के साथ-साथ ट्रांसजेंडर समुदाय के विद्यार्थियों को भी मिलेगा। ट्रांसजेंडर छात्रों को शामिल करना सरकार के समावेशी विकास के संकल्प को दर्शाता है।
पिछले वर्ष का रिकॉर्ड: 81 करोड़ की मदद
समाज कल्याण विभाग के आंकड़ों के अनुसार, बीते वित्तीय वर्ष 2024-25 में भी इसी तरह पोर्टल खोलकर छूटे हुए छात्रों को राहत दी गई थी।
- कुल लाभार्थी: 53,041 छात्र।
- वितरित राशि: ₹81.12 करोड़ से अधिक।
- इसमें अनुसूचित जाति के 25,395 छात्रों को ₹30.65 करोड़ और सामान्य वर्ग के 27,646 छात्रों को ₹50.47 करोड़ की सहायता प्रदान की गई थी।
आर्थिक तंगी से नहीं रुकेगी पढ़ाई: असीम अरुण
समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने कहा कि सरकार हर जरूरतमंद छात्र तक शिक्षा का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री का लक्ष्य है कि प्रदेश का कोई भी युवा आर्थिक कारणों से अपनी पढ़ाई बीच में न छोड़े। पोर्टल खुलने से उन छात्रों को बड़ी राहत मिलेगी जो अंतिम तिथि तक आवेदन नहीं कर पाए थे।
Also Read: UP के 22 हजार मदरसा शिक्षकों के लिए खुशखबरी, योगी सरकार ने जारी किया ये निर्देश

