यूपी में दो दिन मनेगा राम जन्मोत्सव, योगी सरकार ने 26 के बाद 27 मार्च को भी दी छुट्टी

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने रामनवमी के पावन पर्व पर प्रदेशवासियों को बड़ी सौगात दी है। अयोध्या समेत पूरे प्रदेश के मंदिरों में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए सरकार ने रामनवमी पर दो दिन का सार्वजनिक अवकाश घोषित कर दिया है। अब पूर्व घोषित 26 मार्च के साथ-साथ 27 मार्च (शुक्रवार) को भी प्रदेश में छुट्टी रहेगी।

भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा पहली प्राथमिकता

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यह निर्णय विशेष रूप से राम जन्मभूमि अयोध्या और प्रदेश के अन्य शक्तिपीठों व मंदिरों में श्रद्धालुओं की संख्या में होने वाली भारी वृद्धि को देखते हुए लिया है।

लगातार दो दिन की छुट्टी से श्रद्धालुओं को दर्शन-पूजन के लिए पर्याप्त समय मिलेगा और एक ही दिन होने वाली भारी भीड़ को नियंत्रित करने में प्रशासन को मदद मिलेगी। 26 और 27 मार्च (गुरुवार-शुक्रवार) की छुट्टी के बाद शनिवार और रविवार होने के कारण प्रदेश में चार दिनों का एक लंबा अवकाश बन गया है, जिससे बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को यात्रा में सुविधा होगी।

प्रशासन को सख्त निर्देश

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि यह निर्णय आस्था और परंपराओं के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। इसके साथ ही पुलिस और जिला प्रशासन को प्रमुख मंदिरों और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं। दर्शनार्थियों के लिए पेयजल, स्वास्थ्य शिविर और यातायात प्रबंधन को दुरुस्त रखने को कहा गया है। इलाहाबाद उच्च न्यायालय और उसकी लखनऊ खंडपीठ में भी अब रामनवमी का अवकाश 27 मार्च को घोषित किया गया है।

Also Read: PNG कनेक्शन वालों की बंद होगी LPG सप्लाई, सरकार ने जारी किया आदेश

Get real time updates directly on you device, subscribe now.