सिद्धार्थ विश्वविद्यालय की कुलपति ने वैश्विक मंच पर लहराया परचम, दुनिया के शीर्ष 5% वैज्ञानिकों में मिली जगह
Siddharthnagar News: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में स्थित सिद्धार्थ विश्वविद्यालय (कपिलवस्तु) की कुलपति प्रो. कविता शाह ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर देश और प्रदेश का मान बढ़ाया है। प्रो. शाह को प्रतिष्ठित साइरैंक ग्लोबल रजिस्ट्री-2025 में दुनिया के शीर्ष 5 प्रतिशत वैज्ञानिकों की विशिष्ट सूची में शामिल किया गया है। वैश्विक स्तर पर मिली इस रैंकिंग को उनके उत्कृष्ट वैज्ञानिक योगदान, उच्च स्तरीय शोध कार्यों और अकादमिक उत्कृष्टता की एक बड़ी पहचान के रूप में देखा जा रहा है।
पर्यावरण विज्ञान के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान
देश की जानी-मानी पर्यावरण वैज्ञानिकों में शुमार प्रो. कविता शाह ने प्रकृति और पर्यावरण की रक्षा के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण अनुसंधान किए हैं। उनके शोध मुख्य रूप से पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण, सतत विकास और प्राकृतिक संसाधनों के बेहतर प्रबंधन पर केंद्रित रहे हैं। उनके इन अनुसधानों को राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी काफी सराहना और मान्यता मिली है।
गौरतलब है कि साइरैंक ग्लोबल द्वारा वैज्ञानिकों की इस सूची को तैयार करने के लिए शोध पत्रों की गुणवत्ता, इंटरनेशनल साइटेशन (उद्धरण), रिसर्च इंपैक्ट, नवाचार (इनोवेशन) और अकादमिक क्षेत्र में दिए गए समग्र योगदान जैसे कड़े मानकों को आधार बनाया जाता है। इस कड़े चयन प्रक्रिया को पार कर वैश्विक सूची में स्थान बनाना किसी भी शोधकर्ता के लिए एक सर्वोच्च सम्मान है।

विश्वविद्यालय और जिले में खुशी की लहर
कुलपति प्रो. कविता शाह की इस ऐतिहासिक सफलता से पूरे सिद्धार्थ विश्वविद्यालय परिवार और सिद्धार्थनगर जनपद में गौरव का माहौल है। विश्वविद्यालय के शिक्षकों और शोधार्थियों ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि कैंपस के युवा छात्रों और रिसर्चर्स के लिए एक बड़े प्रेरणास्रोत का काम करेगी।
इस गौरवशाली क्षण पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए प्रो. कविता शाह ने कहा कि सिद्धार्थ विश्वविद्यालय अपनी शुरुआती कड़ियों को पार कर अब तेजी से विकास की ओर अग्रसर है। यहाँ के शिक्षक और छात्र अपनी कड़ी मेहनत के दम पर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नए पेटेंट और रिसर्च प्रोजेक्ट्स पर काम कर रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि बहुत जल्द यह विश्वविद्यालय देश के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में अपनी मजबूत धाक जमाएगा। प्रो. शाह ने इस सफलता का श्रेय मां सरस्वती और महात्मा बुद्ध की कृपा के साथ-साथ माननीय प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और राज्यपाल महोदया के मार्गदर्शन व आशीर्वाद को दिया।
रिपोर्ट- जाकिर खान
Also Read: Bollywood News: ‘आज लोग गलतियां माफ नहीं करते’, सैफ अली खान को सता रही बच्चों के करियर की चिंता

