Mathura News: यमुना नदी में 30 श्रद्धालुओं से भरा स्टीमर पलटा, कई लोग लापता
Mathura News: कान्हा की नगरी वृंदावन में शुक्रवार का दिन खुशियों की जगह मातम में बदल गया। यहाँ यमुना नदी की सैर कर रहे श्रद्धालुओं से भरा एक स्टीमर अनियंत्रित होकर पैंटून पुल से टकरा गया और देखते ही देखते नदी में पलट गया। इस हादसे के बाद मौके पर कोहराम मच गया और चारों ओर चीख-पुकार सुनाई देने लगी।
जानकारी के मुताबिक, वृंदावन दर्शन के लिए आए करीब 30 श्रद्धालु एक स्टीमर पर सवार होकर यमुना नदी का भ्रमण कर रहे थे। जैसे ही स्टीमर केसी घाट के पास पहुँचा, वह अचानक नदी पर बने पैंटून पुल से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्टीमर का संतुलन बिगड़ गया और उस पर सवार सभी लोग गहरे पानी में गिर गए।
जब तक किनारे पर मौजूद लोग कुछ समझ पाते और मदद के लिए दौड़ते, तब तक कई श्रद्धालु पानी की लहरों में समा चुके थे।
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, 9 शव मिलने की चर्चा
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन की टीम और स्थानीय गोताखोर मौके पर पहुँच गए। बिना समय गंवाए गोताखोरों ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और डूबे हुए लोगों की तलाश तेज कर दी। स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि अब तक 9 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, हालांकि प्रशासन ने अभी तक आधिकारिक तौर पर मौतों की संख्या की पुष्टि नहीं की है।
बाकी बचे लोगों की तलाश के लिए गोताखोर और जल पुलिस की टीमें लगातार अभियान चला रही हैं। हादसे के बाद से घाट पर भारी भीड़ जमा है और लोगों में अफरा-तफरी का माहौल है। प्रशासन ने पूरे इलाके को घेर लिया है और राहत व बचाव कार्य को प्राथमिकता दी जा रही है। डूबे हुए श्रद्धालुओं के परिजनों को सूचित करने की कोशिश की जा रही है।
Also Read: मानव तस्करी के अंतरराष्ट्रीय सिंडिकेट पर UP ATS का प्रहार, 9 को 8-8 साल की जेल

