आप गिनते जाइए, हम नौकरी देते जाएंगे, एक लाख जॉब पर अखिलेश के तंज का योगी ने दिया जवाब
CM Yogi: उत्तर प्रदेश में एक लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ऐलान पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के तंज का सीएम ने जवाब दिया है। योगी ने कहा कि सरकार लगातार नियुक्ति पत्र दे रही है और अगले छह महीने में एक लाख से कम नहीं, बल्कि इससे ज्यादा युवाओं को नौकरी दी जाएगी। उन्होंने कहा, “गिनते जाइए, हम एक लाख युवाओं से कम नहीं, ज्यादा ही नौजवानों को नियुक्ति पत्र देने वाले हैं।” यह लक्ष्य मुख्यमंत्री ने पहले भी घोषित किया था।
सीएम ने शनिवार को तीन विभागों के 818 चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए। उन्होंने बताया कि 20 सितंबर को फिर करीब एक हजार चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे और यह प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी।
पुलिस से लेकर आयोगों तक भर्तियों का दावा
योगी ने बताया कि अब तक करीब साढ़े 9 लाख युवाओं को पारदर्शी तरीके से नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं। यूपी पुलिस में करीब 36 हजार युवाओं की भर्ती प्रक्रिया चल रही है। होमगार्ड की 41-42 हजार पदों की परीक्षाएं हो चुकी हैं। अधीनस्थ सेवा चयन आयोग से 25-30 हजार और शिक्षा चयन आयोग से 20-25 हजार युवाओं को अगले कुछ महीनों में अवसर मिलने की बात उन्होंने कही। यूपी लोकसेवा आयोग के परिणाम आने पर 15-16 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे।
अखिलेश पर पलटवार, पिछली सरकार पर निशाना
अखिलेश यादव ने सवाल उठाया था कि “जनवरी के बाद तो आचार संहिता लग जाएगी, कैसे देंगे एक लाख नौकरी।” इसके जवाब में योगी ने पिछली सरकारों पर भर्ती प्रक्रिया में भाई-भतीजावाद और अनियमितताओं के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले युवाओं के सामने नौकरी और पलायन का संकट था। योगी ने दावा किया कि आज यूपी देश की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है और युवाओं को प्रदेश के साथ देश-दुनिया में रोजगार के अवसर मिल रहे हैं।
Also Read: जलवायु सम्मेलन में पीएम मोदी बोले- ग्रीन एनर्जी और ई-मोबिलिटी में भारत ने रचे नए कीर्तिमान

